
छत्तीसगढ़ में नवोदय विद्यालय कक्षा छठवीं प्रवेश परीक्षा की तैयारी को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से लक्ष्य छत्तीसगढ़ सामाजिक संगठन द्वारा राज्यभर में व्यापक मॉक टेस्ट का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा कार्यक्रम आगामी सात सप्ताह तक चलेगा, जिसमें प्रदेश के 23 परीक्षा केंद्रों पर एक साथ मॉक टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में करीब 1500 विद्यार्थियों के भाग लेने की संभावना जताई गई है।
लक्ष्य छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष चैन दास जंघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मॉक टेस्ट विद्यार्थियों को वास्तविक परीक्षा जैसी परिस्थिति में अभ्यास करने का अवसर देगा। इस परीक्षा के माध्यम से बच्चों को समय प्रबंधन, प्रश्नपत्र समझने की क्षमता और परीक्षा के दबाव में प्रदर्शन को बेहतर करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में तैयार करना है।

सात जिलों के विद्यार्थी होंगे शामिल
इस मॉक टेस्ट श्रृंखला में कबीरधाम, खैरागढ़, राजनांदगांव, रायपुर, बिलासपुर, मुंगेली और बेमेतरा जिलों के विद्यार्थी शामिल होंगे। इन जिलों के विभिन्न केंद्रों पर विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के पैटर्न के अनुरूप प्रश्नपत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे अपने स्तर का मूल्यांकन कर सकें।
शैक्षणिक प्रभारी ने दी जानकारी
लक्ष्य छत्तीसगढ़ की नवोदय ऑनलाइन निशुल्क कोचिंग के शैक्षणिक प्रभारी गुना राम चंदेल ने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हर जिले में सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। सभी केंद्रों पर परीक्षा के संचालन के लिए स्थानीय शिक्षकों और स्वयंसेवकों की टीम भी तैनात की गई है, ताकि परीक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
राज्यभर के केंद्रों पर एक साथ परीक्षा
लक्ष्य छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित इस मॉक टेस्ट का आयोजन राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों — जैसे बाजार चारभाटा (कबीरधाम), धोधा गंडई, बाजार अतरिया, डोंगरगढ़ सरस्वती शिशु मंदिर, राजनांदगांव चिखली लोधी भवन, भिलाई श्रद्धा सुमन हायर सेकेंडरी स्कूल, सांकरा पाटन, बिलासपुर बरतोरी, साजा परपोड़ी, बेमेतरा पिपरिया, जांजगीर, शक्ति, महासमुंद और रायपुर — में एक साथ किया जा रहा है।
आयोजक संस्था का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देना और नवोदय जैसी प्रतिष्ठित संस्था में प्रवेश के लिए उन्हें हर स्तर पर तैयार करना है। मॉक टेस्ट के माध्यम से संगठन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि ग्रामीण इलाकों के बच्चे भी समान अवसरों के साथ आगे बढ़ सकें।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







