राहुल गांधी का भाजपा पर तीखा हमला: बोले- अमित शाह के बेटे को बल्ला पकड़ना नहीं आता, फिर भी क्रिकेट टीम संभाल रहा है

SHARE:

भागलपुर में शुक्रवार को कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बड़ी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उद्योगपतियों अडाणी-अंबानी को सीधे तौर पर घेरते हुए कहा कि आज देश में सिर्फ 50-60 लोग ही सपना देख सकते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “अमित शाह का बेटा बल्ला पकड़ना नहीं जानता, एक रन नहीं बना सकता, फिर भी वह पूरी क्रिकेट टीम चला रहा है।” राहुल का इशारा बीसीसीआई सचिव जय शाह की ओर था।

बिहार को मजदूर बना दिया, युवाओं से छीन लिया रोजगार

राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार और अमित शाह ने मिलकर बिहार को मजदूरों का प्रदेश बना दिया है। पुल, सड़कें, टनल और हाईवे बिहार के लोग बनाते हैं, लेकिन उन्हें अपने ही राज्य में रोजगार नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि “बिहार से रोजगार इसलिए मिटाया गया है क्योंकि अडाणी-अंबानी जैसे उद्योगपति चीन का माल भारत में बेचना चाहते हैं। जब चीन का माल बिकता है तो फायदा अडाणी-अंबानी और चीन के फैक्ट्री मालिकों को होता है, न कि बिहार के मजदूरों को।”

मोदी-अडाणी-अंबानी का रिश्ता बताया खतरनाक

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी और अमित शाह अडाणी-अंबानी के लिए काम करते हैं। मोदी के प्रचार और भाजपा के चुनावी फंडिंग में यही लोग पैसे देते हैं। राहुल ने कहा, “मोदी जी का चेहरा टीवी पर दिन-रात चलता है, लेकिन उसके पीछे अडाणी-अंबानी का पैसा है। वो पैसा कहां से आता है — आपकी जेब से, आपके टैक्स से।” उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी और GST जैसे फैसले छोटे व्यापारियों, मजदूरों और किसानों को खत्म करने की साजिश थे।

हरियाणा चुनाव में चोरी का आरोप

राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने मिलकर हरियाणा का चुनाव चोरी किया है और अब वही चाल बिहार में चलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “लाखों महागठबंधन समर्थकों के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए हैं।” राहुल का दावा है कि भाजपा नेताओं ने हरियाणा में दो जगह वोट डाले थे और अब बिहार में भी वही करने की कोशिश हो रही है।

बांका में हुई सभा में राहुल ने कहा, “बीजेपी के नेता एक तरफ यूपी में वोट डालते हैं, दूसरी तरफ हरियाणा में भी। चुनाव आयोग और भाजपा इस पर कुछ नहीं कह रहे। मैं गारंटी देता हूं, जो उन्होंने हरियाणा में किया वही बिहार में करने की कोशिश करेंगे, लेकिन बिहार की जनता बूथ पर खड़े होकर वोट चोरी नहीं होने देगी।”

इंस्टाग्राम और रील्स को बताया नया नशा

राहुल गांधी ने युवाओं को सोशल मीडिया के नशे से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी आपको रोजगार की बात नहीं करते, वो कहते हैं कि डेटा सस्ता कर दिया ताकि आप रील बना सको। लेकिन क्या रील बनाकर रोजगार मिलेगा?” राहुल ने कहा कि इंस्टाग्राम, फेसबुक और रील्स 21वीं सदी का नया नशा हैं, जो युवाओं को असली मुद्दों से भटका रहे हैं। “जब आप रील बनाते हैं तो फायदा अंबानी और बड़े उद्योगपतियों का होता है, न कि आपका,” उन्होंने कहा।

बिहार के युवाओं को दुबई जैसा सपना दिखाया

राहुल ने कहा कि जब बिहार के लोग दुबई, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों को अपने खून-पसीने से बना सकते हैं, तो फिर बिहार में वैसा विकास क्यों नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, “एक समय था जब नालंदा यूनिवर्सिटी पूरी दुनिया का ज्ञान केंद्र थी। आज बिहार के विश्वविद्यालयों में पेपर लीक की खबरें आती हैं। यहां सिर्फ वही सफल होता है जिसकी सेटिंग होती है, बाकी मेहनती युवाओं को मौके नहीं मिलते।”

‘हम मोहब्बत की दुकान वाले हैं’

राहुल गांधी ने अपने भाषण के अंत में कहा कि “भाजपा जहां जाती है, वहां नफरत फैलाती है। हम उस नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने वाले हैं।” उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार सभी वर्गों की होगी—किसान, मजदूर, पिछड़े, और सभी धर्मों के लोगों की। “इस सरकार के दरवाजे हमेशा सबके लिए खुले रहेंगे,” उन्होंने कहा।

राहुल के इस भाषण ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा छेड़ दी है। जहां कांग्रेस इसे युवाओं और गरीबों की आवाज बता रही है, वहीं भाजपा ने इसे चुनावी हताशा का बयान करार दिया है। आने वाले दिनों में बिहार की राजनीतिक सरगर्मी इस बयान से और तेज होने की उम्मीद है।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई