बिहार चुनाव की जीत का जश्न दिल्ली में, PM मोदी का कांग्रेस और महागठबंधन पर तीखा हमला: कहा- ‘छठ को ड्रामा कहने वाले बिहार की इज्जत क्या करेंगे’

SHARE:

दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत का भव्य जश्न मनाया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 42 मिनट का भाषण दिया, जिसमें उन्होंने बिहार की जनता को धन्यवाद कहा और विपक्ष, खासकर कांग्रेस और आरजेडी पर तीखे हमले किए। पीएम ने कहा कि इस चुनाव में बिहार के लोगों ने ‘गर्दा उड़ा दिया’ और यह परिणाम बताता है कि बिहार अब जंगलराज के दिनों में लौटने वाला नहीं है। उन्होंने छठ पूजा को ‘ड्रामा’ कहने वालों पर भी हमला किया और कहा कि जो लोग इस महान लोकपर्व का सम्मान नहीं कर सकते, वे बिहार की सांस्कृतिक गरिमा की रक्षा कैसे करेंगे।

भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल, मोदी ने लहराया गमछा

शाम 6 बजकर 51 मिनट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा केंद्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां हजारों की संख्या में कार्यकर्ता ‘जय बिहार’ और ‘जय श्री राम’ के नारों के साथ उनका स्वागत कर रहे थे। पीएम ने गमछा लहराकर सभी का अभिवादन किया तो कार्यकर्ताओं ने भी उसी अंदाज़ में जवाब देकर माहौल को और उत्साहित कर दिया। उन्होंने मंच पर आते ही ‘छठी मइया’ के जयकारे लगाए और कहा कि बिहार की जनता ने इस चुनाव में विकास, सुशासन और स्थिरता पर भरोसा दिखाया है।

मुख्यमंत्री पद के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने 243 में से 202 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बहुमत हासिल किया है। भाजपा और जदयू ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि लोजपा को 29, हम और आरएलएम को 6-6 सीटें दी गई थीं। महागठबंधन सिर्फ 35 सीटों पर सिमट गया, जो विपक्ष के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

बंगाल से लेकर दक्षिण भारत तक BJP की बढ़ती ऊर्जा पर पीएम का संकेत

भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार की विजय ने भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी है और यह जोश अब बंगाल, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और असम के चुनावों में नजर आएगा। उन्होंने कहा कि “बिहार ने बंगाल में भाजपा की विजय का रास्ता बना दिया है। गंगा जी बिहार से बहकर बंगाल जाती हैं, अब विकास और सुशासन की लहर भी वहां पहुंचेगी।”

पीएम ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में लोग लंबे समय से कानून व्यवस्था और जंगलराज से परेशान हैं और भाजपा वहां जनता के साथ मिलकर परिवर्तन लाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल का परिणाम देश को चौंकाने वाला होगा।

कांग्रेस पर तीखा हमला, कहा- ‘MMC पार्टी बन चुकी है’

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखा कटाक्ष करते हुए दावा किया कि पार्टी अब ‘मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस’ यानी एमएमसी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर एक नया धड़ा पैदा हो रहा है, जो पारंपरिक नेतृत्व और ‘नेगेटिव पॉलिटिक्स’ से नाराज है। पीएम ने दावा किया कि आगे चलकर कांग्रेस में एक और बड़ा विभाजन देखने को मिल सकता है, क्योंकि पार्टी न तो अपने वोटरों को बचा पा रही है और न ही अपने सहयोगियों को।

उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के दौरान कांग्रेस लगातार महागठबंधन के साथियों को नुकसान पहुंचाती रही और अब सहयोगी दल भी समझने लगे हैं कि कांग्रेस के साथ रहने का मतलब ‘डूबते जहाज पर सवार होना’ है।

बिहार में निवेश, रोजगार और विकास की तेजी पर भरोसा जताया

पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले पांच सालों में बिहार तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यहां नए उद्योग लगेंगे, स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा और राज्य देश-दुनिया के निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में पर्यटन, संस्कृति और आस्था से जुड़े क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। “आस्था के स्थानों, तीर्थस्थानों का कायाकल्प होगा। बिहार की क्षमता, इसकी प्रतिभा और इसकी परंपरा दुनिया के सामने नई पहचान बनाएगी।”

मंच से उन्होंने भारत और विदेश में बसे बिहारियों से भी अपील की कि वे अपने राज्य में निवेश करें और विकास की इस नई यात्रा का हिस्सा बनें।

महागठबंधन के अंदरूनी मतभेदों पर भी कसा तंज

पीएम मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान कही अपनी बात दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस के ‘नामदार’ बिहार में आरजेडी को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव नतीजों ने ये साबित कर दिया कि महागठबंधन के अंदर गहरे मतभेद हैं और आने वाले समय में कांग्रेस-आरजेडी का तनाव और खुलकर सामने आएगा।

उन्होंने कहा किबिहार ने जो भरोसा एनडीए के नेतृत्व पर जताया है, वह जिम्मेदारी बढ़ाने वाला है। यह विजय सिर्फ चुनावी जीत नहीं, बल्कि नए बिहार की शुरुआत है।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई