IPL 2026 से पहले बड़ा फेरबदल: ट्रेड लिस्ट जारी, सैमसन बने CSK का हिस्सा; जडेजा-करन राजस्थान में, शमी अब LSG से खेलेंगे

SHARE:

IPL 2026 से पहले खिलाड़ियों की ट्रेड लिस्ट जारी होते ही टीमों के कॉम्बिनेशन में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। शनिवार को IPL कमेटी ने आधिकारिक ट्रेड लिस्ट साझा की, जिसके बाद फ्रेंचाइजियों की रणनीतियों और आगामी मिनी ऑक्शन के समीकरणों में भारी बदलाव देखने को मिला है। सबसे बड़ा ट्रेड तब सामने आया, जब राजस्थान रॉयल्स ने अपने कप्तान संजू सैमसन को 18 करोड़ रुपए में चेन्नई सुपर किंग्स को सौंप दिया। वहीं, CSK ने इस ट्रेड में ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी सैम करन को RR के साथ ट्रेड किया है।

इसके अलावा तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को सनराइजर्स हैदराबाद ने लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड किया है। मुंबई इंडियंस ने अर्जुन तेंदुलकर को LSG को 30 लाख रुपए में ट्रेड किया, जबकि नीतीश राणा को SRH से दिल्ली कैपिटल्स लाया गया है। डनोवन फरेरा को दिल्ली से राजस्थान और मयंक मार्कंडेय को KKR से मुंबई ट्रेड किया गया है। यह सभी बदलाव टीमों की आगामी रणनीतियों की दिशा और प्राथमिकताओं को दिखाते हैं।

सैमसन-CSK और जडेजा-RR ट्रेड से बदला टीमों का संतुलन

संजू सैमसन का CSK में जाना IPL इतिहास के बड़े ट्रेड्स में गिना जाएगा, क्योंकि चेन्नई जैसे स्थिर और संतुलित टीम में सैमसन जैसा आक्रामक बल्लेबाज टीम के टॉप ऑर्डर को और अधिक मजबूती देगा। दूसरी ओर, अनुभवी रवींद्र जडेजा और सैम करन जैसे बैलेंस्ड ऑलराउंडर्स के राजस्थान पहुंचने से RR के ऑलराउंड विकल्प अत्यंत मजबूत हो गए हैं। टीम लंबे समय से ऐसे खिलाड़ियों की तलाश में थी, जो बैटिंग और बॉलिंग दोनों में प्रभाव छोड़ सकें।

यह ट्रेड राजस्थान के मिडिल ऑर्डर और डेथ बॉलिंग दोनों को मजबूती दे सकता है। वहीं, CSK को युवा और आधुनिक T20 प्लेयर सैमसन में नया चेहरा मिल गया है, जो कप्तानी का विकल्प भी बन सकता है।

मोहम्मद शमी अब LSG से खेलेंगे

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की LSG में एंट्री टीम के बॉलिंग कॉम्बिनेशन को काफी मजबूत कर सकती है। पिछले कुछ वर्षों में शमी की नई गेंद के साथ सटीक लाइन-लेंथ और मध्य ओवरों में विकेट लेने की क्षमता ने उन्हें सबसे भरोसेमंद भारतीय पेसर्स में शामिल किया है। सनराइजर्स से निकलने के बाद शमी का यह नया सफर लखनऊ सुपर जायंट्स को डेथ ओवरों में स्थिरता दे सकता है।

इसके साथ ही मुंबई इंडियंस का अर्जुन तेंदुलकर को छोड़ना भी चर्चा में रहा। अर्जुन को LSG ने मात्र 30 लाख में ट्रेड किया है, जिससे उनके पास युवा भारतीय तेज गेंदबाज का विकल्प जुड़ गया है।

आज है रिटेंशन लिस्ट की डेडलाइन, कई बड़े नाम हो सकते हैं रिलीज

सभी टीमों के लिए आज दोपहर 3 बजे तक रिटेंशन लिस्ट जारी करनी है, जिसके चलते यह दिन IPL टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार कई बड़े और महंगे खिलाड़ियों को रिलीज किए जाने की संभावना है, जिनमें आंद्रे रसेल, वेंकटेश अय्यर, जोफ्रा आर्चर, शिमरोन हेटमायर और थंगारसु नटराजन शामिल हैं।

कुछ खिलाड़ियों की फॉर्म खराब है, तो कुछ उम्र या फिटनेस के कारण अपनी टीमों के लिए बोझ साबित हो रहे हैं। लगभग 10 ऐसे खिलाड़ी हैं जिनकी कीमत 10 करोड़ से अधिक है और जिन्हें रिलीज किया जाना संभावित माना जा रहा है। इनके अलावा राशिद खान, मिचेल स्टार्क, आवेश खान, दीपक चाहर और लियम लिविंगस्टन जैसे खिलाड़ी भी रिलीज की सूची में आ सकते हैं।

फॉर्म और फिटनेस से टीमों में असमंजस—कौन रहेगा, कौन जाएगा?

1.वेंकटेश अय्यर (23.75 करोड़ – KKR)

मेगा ऑक्शन में तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी होने के बावजूद वे पिछले सीजन में मात्र 142 रन ही बना सके। उनकी सुस्त स्ट्राइक रेट और खराब फॉर्म टीम को निराश कर गई। केकेआर उन्हें रिलीज कर कैमरन ग्रीन जैसे ऑलराउंडर पर बोली लगा सकती है।

2.जोफ्रा आर्चर (12.50 करोड़ – RR)

लगातार इंजरी से परेशान रहने वाले आर्चर पिछले सीजन केवल 11 विकेट ही ले सके। टीम उन्हें रिलीज कर विदेशी तेज गेंदबाजों पर निवेश कर सकती है।

3.आंद्रे रसेल (12 करोड़ – KKR)

37 साल के रसेल अब पहले जैसा प्रभाव नहीं छोड़ पा रहे। 167 रन और 8 विकेट का सीजन टीम की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। ऐसे में KKR उन्हें छोड़कर युवा ऑलराउंडर खरीदने की रणनीति बना सकती है।

4.मयंक यादव (11 करोड़ – LSG)

तेज गेंदबाज मयंक यादव चोटों से जूझते रहे और केवल 2 मैच खेल सके। उनकी चोटें टीम के लिए जोखिम हैं, इसलिए LSG उन्हें छोड़कर सुरक्षित विकल्प देख सकती है।

5.हेटमायर, रबाडा और अन्य खिलाड़ियों पर भी विचार

हेटमायर फिनिशिंग भूमिका में असफल रहे। रबाडा केवल चार मैच खेल सके और ICC सस्पेंशन से उन्हें नुकसान हुआ। टीमों में इन खिलाड़ियों को लेकर भी असमंजस की स्थिति है।

सबसे बड़ा स्क्वॉड CSK के पास, मुंबई-पंजाब भी 25-25 खिलाड़ियों के साथ

रिटेंशन डेडलाइन से पहले मुंबई इंडियंस ने शार्दूल ठाकुर और शेरफन रदरफोर्ड को शामिल कर लिया है। MI का स्क्वॉड अब 25 खिलाड़ियों का हो चुका है। पंजाब किंग्स भी 25 खिलाड़ियों के साथ है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के पास सबसे बड़ा 26 प्लेयर्स का स्क्वॉड है। इसका मतलब है कि कई टीमों को विदेशी खिलाड़ियों को रिलीज करना होगा, क्योंकि एक टीम में अधिकतम 8 ही विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं।

वहीं राजस्थान, कोलकाता और हैदराबाद ने पिछले सीजन सिर्फ 20-21 खिलाड़ियों को ही खरीदा था, लेकिन इस बार ये टीमें बड़े पैमाने पर रिलीज करने की तैयारी में हैं।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई