देश के कई एयरपोर्ट्स पर चेक-इन सिस्टम फेल: बेंगलुरु में 42 फ्लाइट्स रद्द, हैदराबाद में भारी भीड़; दिल्ली में मैन्युअल प्रोसेस शुरू

SHARE:

देशभर के कई बड़े एयरपोर्ट्स पर बुधवार सुबह चेक-इन सिस्टम में आई तकनीकी खराबी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। बेंगलुरु, हैदराबाद और दिल्ली समेत कई शहरों में एयरपोर्ट ऑपरेशन प्रभावित हुए। बेंगलुरु एयरपोर्ट को 42 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं, जबकि हैदराबाद में चेक-इन देरी की वजह से भारी भीड़ जमा हो गई। दिल्ली एयरपोर्ट पर चार प्रमुख एयरलाइंस को मैन्युअल चेक-इन सिस्टम अपनाना पड़ा। इससे यात्रियों को लंबी कतारों और स्लो प्रोसेस का सामना करना पड़ा।

सिस्टम फेल होने की वजह को लेकर वाराणसी एयरपोर्ट में यात्रियों को बताया गया कि माइक्रोसॉफ्ट विंडोज में ग्लोबल सर्विस आउटेज की रिपोर्ट आई है। हालांकि माइक्रोसॉफ्ट ने इस दावे को गलत बताते हुए कहा कि उसके सिस्टम में कोई दिक्कत नहीं आई। उधर, इंडिगो ने ऑपरेशनल और क्रू की कमी के कारण 70 से अधिक फ्लाइट्स रद्द कर दीं।

दिल्ली एयरपोर्ट पर मैन्युअल चेक-इन, चार एयरलाइंस प्रभावित

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुबह से ही चेक-इन सिस्टम में दिक्कत आने लगी। इसका असर इंडिगो, स्पाइसजेट, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस पर पड़ा। एयरलाइंस ने यात्रियों को बोर्डिंग में देरी की चेतावनी देते हुए मैन्युअल प्रोसेस लागू कर दिया। इससे लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गईं और यात्रियों को सामान्य से अधिक समय लगने लगा।

दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि उनकी टीमें एयरलाइंस और टेक्निकल स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर काम कर रही हैं ताकि यात्रियों को कम से कम दिक्कत हो। हालांकि एयरपोर्ट पर सुबह 7:40 बजे से ही ऑपरेशन धीमे हो गए, जिसका असर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों पर पड़ा।

हैदराबाद एयरपोर्ट पर भारी भीड़, फ्लाइट्स छूटने की शिकायतें

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर चेक-इन सिस्टम की गड़बड़ी के बाद यात्रियों की भीड़ बढ़ती चली गई। सिस्टम स्लो होने के कारण कई यात्रियों की फ्लाइट्स छूट गईं, जिनमें ज्यादातर इंडिगो की उड़ानें थीं।

इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि “टेक्निकल इश्यू, एयरपोर्ट पर भारी भीड़ और ऑपरेशनल जरूरतों” की वजह से कई फ्लाइट्स लेट हुईं या रद्द करनी पड़ीं। एयरलाइन ने आश्वासन दिया कि टीमें लगातार काम कर रही हैं ताकि ऑपरेशन जल्द सामान्य हो सके।

बेंगलुरु में 42 फ्लाइट्स कैंसिल, यात्रियों को घंटों इंतजार

बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तकनीकी दिक्कत और ऑपरेशनल चुनौतियों के कारण 42 फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं—जिनमें 22 आने वाली और 20 जाने वाली उड़ानें शामिल थीं।

सिस्टम स्लो होने के कारण चार उड़ानें देरी से रवाना हुईं। सबसे ज्यादा असर इंडिगो की सर्विस पर पड़ा। यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा और कई ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी साझा की।

एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि टीम लगातार टेक्निकल ग्लिच को ठीक करने में लगी है और जल्द ऑपरेशन सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।

वाराणसी में IT आउटेज की सूचना, माइक्रोसॉफ्ट ने खारिज किया

वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को बताया गया कि माइक्रोसॉफ्ट विंडोज सिस्टम में ग्लोबल सर्विस आउटेज की वजह से IT सेवाओं पर असर पड़ा है।

लेकिन कुछ समय बाद माइक्रोसॉफ्ट ने बयान जारी कर यह दावा खारिज कर दिया और कहा कि विंडोज सिस्टम में कोई तकनीकी गड़बड़ी नहीं आई।

एयरपोर्ट अथॉरिटीज ने इस जानकारी की पुष्टि नहीं की कि IT आउटेज वास्तव में किस वजह से हुआ।

पिछले महीने दिल्ली में हुआ था GPS स्पूफिंग हमला, 800 फ्लाइट्स हुई थीं लेट

दिल्ली एयरपोर्ट इससे पहले नवंबर में साइबर अटैक की वजह से सुर्खियों में आया था। राजधानी के ऊपर उड़ रहे विमानों को गलत GPS सिग्नल मिल रहे थे, जिसे GPS स्पूफिंग कहा जाता है। इस दौरान पायलटों को गलत लोकेशन और नेविगेशन अलर्ट मिलने लगे थे।

स्पूफिंग आमतौर पर युद्ध क्षेत्रों में इस्तेमाल होती है, जिसके जरिए ड्रोन और विमानों को गुमराह किया जाता है। दिल्ली के आसपास 100 किलोमीटर के दायरे में यह समस्या देखी गई थी।

सरकार ने दी थी जानकारी, 20 फ्लाइट्स रद्द—800 से अधिक देरी से उड़ीं

नागरिक उड्डयन मंत्री ने राज्यसभा में जानकारी दी थी कि GPS स्पूफिंग की घटना सच थी और तत्काल बैकअप सिस्टम लागू किया गया था। इसका असर 800 से ज्यादा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा था, जबकि 20 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ी थीं।

सरकार ने माना था कि दुनिया भर में रैनसमवेयर और मैलवेयर हमलों का खतरा बढ़ रहा है और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया अपने IT सिस्टम और क्रिटिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुरक्षित करने के लिए एडवांस साइबर सिक्योरिटी तकनीक लागू कर रहा है।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई