
छत्तीसगढ़ के दुर्ग पुलिस ने एक बड़े और चौंकाने वाले धोखाधड़ी के मामले का खुलासा किया है। गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार 55 वर्षीय बिरेन कुमार सोलंकी पर महिलाओं को शादी का झांसा देकर ठगी करने, कई फर्जी पहचान बनाने और लाखों रुपए हड़पने के आरोप हैं। आरोपी खुद को अविवाहित बताता था, जबकि उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ा 35 साल का है। अब तक वह चार शादियां कर चुका है, जिनमें से आखिरी दो लगातार एक माह के अंतराल में हुईं।
दुर्ग की शिक्षिका को कुंवारा बताकर रची चौथी शादी
यह पूरा मामला तब सामने आया जब दुर्ग की एक महिला शिक्षिका ने आरोपी से 2023 में शादी की। दोनों का रिश्ता 2019 से चल रहा था। उस समय बिरेन ने अखबार में तीसरी शादी के लिए विज्ञापन दिया था। विज्ञापन देखकर शिक्षिका ने बातचीत आगे बढ़ाई। सोलंकी ने खुद को अविवाहित, उच्च पद पर कार्यरत और सुसंस्कारी परिवार का बताकर भरोसा जीत लिया।
2019 में शिक्षिका जब पहली बार अहमदाबाद गईं, तो सोलंकी ने एक साल के भीतर शादी करने की बात कही। बाद में उसने शिक्षिका को यह कहकर राजी किया कि जब तक सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार शादी नहीं होती, तब तक वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहेंगे। नवंबर 2019 में आरोपी पहली बार दुर्ग आया और कुछ दिनों तक उनके साथ रहा। अगले तीन साल तक दोनों अहमदाबाद और दुर्ग में अलग-अलग होटलों में मिलते रहे। इस दौरान आरोपी ने अपनी तीन पुरानी शादियों और बच्चों की जानकारी छुपाए रखी।
बिना बारात, बिना परिवार आया और होटल में की शादी
3 मई 2023 को दोनों की शादी दुर्ग के एक होटल में तय हुई। आरोपी ने शिक्षिका को बताया कि ट्रेन की टिकट नहीं मिलने के कारण उसके घर से कोई भी शादी में नहीं आ सकेगा। वह अकेले कार से गुजरात से आया और होटल में शादी की रस्में पूरी कीं। शादी के बाद जब शिक्षिका गुजरात गईं, तो आरोपी ने उन्हें अपने पैतृक घर या रिश्तेदारों से नहीं मिलाया। बाद में पता चला कि जिस गांव का वह नाम बताता था, वहां उसका कोई घर या परिवार है ही नहीं।
एक सप्ताह गुजरात में रखने के बाद आरोपी अचानक शिक्षिका को दुर्ग वापस भेजकर गायब हो गया। जल्द ही उसकी असलियत सामने आने लगी।
लाखों की ठगी: 18 लाख बैंक ट्रांसफर, 5 लाख कैश और 12 लाख के जेवर ले उड़ा
लिव-इन और शादी के दौरान बिरेन ने शिक्षिका से कई बहाने बनाकर बड़ी रकम हड़प ली। उसने कहा कि वह मकान खरीद रहा है और लोन की वजह से EMI भरनी है, जिसे वह बाद में शिक्षिका के नाम कर देगा। इस बहाने 2020 से 2023 तक वह हर महीने पैसे लेता रहा। 2021 से 2024 के बीच यूपीआई और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से लगभग 18 लाख रुपए, अलग-अलग मौकों पर 5 लाख रुपए कैश और सोने के जेवरात गिरवी रखवाकर 1.3 लाख रुपए का गोल्ड लोन भी लिया, जिसकी किस्तें आज भी पीड़िता भर रही हैं।
साल 2024 में आरोपी दुर्ग आया और घर में मौजूद करीब 12 लाख रुपए के कीमती जेवर और एक मोबाइल चोरी करके गुजरात भाग गया।
तीसरी शादी के एक महीने बाद की चौथी शादी
बिरेन की सच्चाई तब सामने आई जब शिक्षिका को पता चला कि आरोपी ने जून 2023 में गुजरात की एक सरकारी डॉक्टर से फिर शादी कर ली है। जब चौथी शादी का राज खुला, तो उसकी पिछली दो शादियों और तीन बच्चों के बारे में भी जानकारी मिल गई। आरोपी का केवल एक पत्नी से तलाक हुआ था, जबकि बाकी रिश्ते अभी भी कानूनी रूप से खत्म नहीं हुए थे।
पीड़िता के मुताबिक जब भी वह पैसे लौटाने या शादी के बंधन की बात करती, आरोपी गाली-गलौज करता और कहता कि “हमारा तुम्हारा कोई संबंध नहीं है।” इसके अलावा वह बार-बार कहता कि घर और जेवर बेच दिए हैं और उससे कोई लेना-देना नहीं है।
फर्जी पहचान: अलग-अलग नामों से आधार और वोटर कार्ड
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान बदलने में माहिर है। उसका असली नाम दिलीप सिंह झाला है, जबकि वह कई जगह बिरेन कुमार सोलंकी नाम से पहचान बनाकर घूमता है। उसके बच्चों के दस्तावेजों में पिता का नाम ‘झाला’ लिखा हुआ मिलता है। वोटर कार्ड और आधार कार्ड भी अलग-अलग नामों से बनाए गए हैं, जिससे वह बार-बार नई पहचान बनाकर महिलाओं को फंसाता रहा।
मोहन नगर पुलिस ने किया खुलासा, महिला डॉक्टर की भी होगी जांच
पीड़िता की शिकायत के बाद मोहन नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और अहमदाबाद जाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शिक्षिका ने इस पूरे मामले में उस सरकारी डॉक्टर की भी शिकायत की है, जिससे आरोपी ने चौथी शादी की थी। पुलिस अब डॉक्टर की भूमिका की भी जांच कर रही है।
दुर्ग पुलिस का मानना है कि आरोपी ने कई राज्यों में और भी महिलाओं से ठगी की हो सकती है। अब पुलिस आरोपी के बैंक खातों, ट्रांजैक्शन और पहचान दस्तावेजों की गहराई से जांच कर रही है।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







