नेशनल हेराल्ड केस पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: रायपुर में मोदी–शाह के पोस्टर पर कालिख, बैरिकेड्स तोड़ BJP कार्यालय घेरने निकले कार्यकर्ता; भूपेश बोले– एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही भाजपा

SHARE:

नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार को कांग्रेस का जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पंडरी इलाके में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर कूच कर गए। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई।

बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़े कांग्रेसी, पुलिस से झड़प

कांग्रेस कार्यकर्ता जैसे ही भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े, मेकाहारा चौक के पास पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और आगे बढ़ने का प्रयास किया, हालांकि भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते कुछ दूरी पर ही उन्हें रोक लिया गया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

मोदी–शाह के पोस्टर पर कालिख, कांग्रेस का आक्रामक संदेश

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के पोस्टर पर कालिख पोती। इसे लेकर राजनीतिक माहौल और गरमा गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नेशनल हेराल्ड मामले में केंद्र सरकार राजनीतिक द्वेष के तहत कार्रवाई कर रही है और प्रवर्तन निदेशालय (ED) व अन्य जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने ‘सत्यमेव जयते’ और भाजपा विरोधी नारे भी लगाए।

भूपेश बघेल का आरोप: एजेंसियां भी भागने लगी हैं

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में ED और EOW की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस पप्पू बंसल की गवाही के आधार पर उनके बेटे को जेल भेजा गया, उसे पहले फरार घोषित किया गया और बाद में उसी फरार व्यक्ति को बयान के लिए बुलाया गया। भूपेश बघेल का आरोप है कि जैसे ही उनके वकील ने अदालत में यह बात उठाई, पप्पू बंसल के साथ एजेंसी के अधिकारी भी वहां से चले गए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब तो एजेंसियां भी भागने लगी हैं।

कांग्रेस का आरोप: लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नेशनल हेराल्ड केस में कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही है। उनका कहना है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और विपक्ष की आवाज दबाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल हो रहा है। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व विधायक अनिता शर्मा, विकास उपाध्याय, NSUI के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।

भाजपा का पलटवार: कांग्रेस को कार्यकर्ता भी नहीं मिले

इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया आई। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा कार्यालय घेरने का दावा कर रही है, लेकिन उसे पर्याप्त कार्यकर्ता भी नहीं मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा झूठ की राजनीति करती रही है और इस तरह के प्रदर्शन केवल भ्रम फैलाने के लिए किए जा रहे हैं।

क्या है नेशनल हेराल्ड मामला

नेशनल हेराल्ड केस की शुरुआत वर्ष 2012 में हुई थी, जब भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में याचिका दाखिल कर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस से जुड़े अन्य नेताओं पर धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया था। आरोप है कि घाटे में चल रहे नेशनल हेराल्ड अखबार की संपत्तियों पर कब्जा करने के लिए ‘यंग इंडियन लिमिटेड’ नाम की कंपनी बनाई गई, जिसमें गांधी परिवार की हिस्सेदारी है। इसी के जरिए नेशनल हेराल्ड का प्रकाशन करने वाली AJL कंपनी का अधिग्रहण किया गया।

स्वामी का आरोप है कि करीब ₹2000 करोड़ की संपत्ति वाली कंपनी को केवल ₹50 लाख में अपने कब्जे में लिया गया। इस मामले में मोतीलाल वोरा और ऑस्कर फर्नांडीज जैसे वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के नाम भी शामिल थे, जिनका अब निधन हो चुका है।

ED की आगे की कार्रवाई जारी

प्रवर्तन निदेशालय ने संकेत दिए हैं कि तकनीकी आधार पर आई कानूनी अड़चनों के बाद वह इस मामले में दोबारा चार्जशीट दाखिल करेगा। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने भी इस केस में नई FIR दर्ज की है। इससे साफ है कि नेशनल हेराल्ड मामला एक बार फिर राजनीतिक और कानूनी बहस के केंद्र में आ गया है, और आने वाले दिनों में इस पर सियासी टकराव और तेज होने की संभावना है।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई