ट्रम्प बोले- ‘टैरिफ’ मेरा फेवरेट अंग्रेजी शब्द: इससे 8 युद्ध रुकवाए, अमेरिका ने उम्मीद से ज्यादा कमाई; विपक्ष ने भाषण को बताया ‘मैं-मैं’ से भरा

SHARE:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने कार्यकाल के 11 महीने पूरे होने पर गुरुवार को व्हाइट हाउस से राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने टैरिफ को अंग्रेजी भाषा का अपना सबसे पसंदीदा शब्द बताया और दावा किया कि इसी नीति के जरिए उन्होंने दुनिया भर में 8 युद्धों को रुकवाया है। ट्रम्प ने कहा कि टैरिफ के चलते अमेरिका ने न सिर्फ अपनी वैश्विक स्थिति मजबूत की, बल्कि उम्मीद से कहीं ज्यादा राजस्व भी अर्जित किया।

बाइडेन पर निशाना, संकट सौंपने का आरोप

अपने भाषण में ट्रम्प ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बाइडेन ने सत्ता छोड़ते समय अमेरिका को एक बड़े आर्थिक और वैश्विक संकट के बीच छोड़ दिया था। ट्रम्प के मुताबिक, उनकी सरकार ने उस स्थिति से देश को बाहर निकाला और अमेरिका को दोबारा ताकतवर बनाया। हालांकि, उन्होंने अपने भाषण में घरेलू महंगाई के मुद्दे पर ज्यादा विस्तार से बात नहीं की।

ट्रम्प बोले- दुनिया अब अमेरिका का मजाक नहीं उड़ाती

राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि अब दुनिया अमेरिका का मजाक नहीं उड़ाती, बल्कि उसका सम्मान करती है। उन्होंने दावा किया कि उनकी नीतियों के कारण अमेरिका पहले से कहीं अधिक मजबूत स्थिति में है और देश एक ऐतिहासिक आर्थिक उछाल के लिए तैयार है। ट्रम्प ने कहा कि कनाडा, मैक्सिको, ब्राजील और भारत सहित कई देशों पर लगाए गए टैरिफ से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को सीधा फायदा हुआ है।

महंगाई पर सीमित चर्चा, कीमतें घटने का दावा

ट्रम्प ने कहा कि किराने का सामान, कारें और अन्य उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतें धीरे-धीरे नीचे आ रही हैं और उनकी खास नीतियों से बढ़ी महंगाई पर काबू पाया जा रहा है। उन्होंने ऊर्जा और भोजन की कीमतों के नियंत्रण में आने का भी दावा किया। हालांकि, आधिकारिक आंकड़े बताते हैं कि 2025 में भोजन और ऊर्जा की कीमतों में अब भी बढ़ोतरी जारी है और कई विशेषज्ञ टैरिफ नीतियों को कीमतें बढ़ने की एक वजह मानते हैं।

आम अमेरिकियों पर बढ़ता खर्च

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अप्रैल से सितंबर 2025 के बीच खाद्य पदार्थों की कीमतों में 2.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। बीफ और केले जैसी रोजमर्रा की चीजें लगभग 7 प्रतिशत तक महंगी हुई हैं। आम अमेरिकियों का कहना है कि उनकी मासिक लागत में औसतन 9 हजार से 66 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है। कुल मिलाकर, टैरिफ की वजह से अमेरिकी परिवारों का सालाना खर्च औसतन 2 से 8 लाख रुपए तक बढ़ गया है।

प्रवासियों पर तीखा हमला

अपने संबोधन में ट्रम्प ने अवैध प्रवासियों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध प्रवासी अमेरिकी नौकरियां छीन रहे हैं, आवास संकट पैदा कर रहे हैं और स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी सुविधाओं का मुफ्त फायदा उठा रहे हैं। ट्रम्प ने कहा कि इसका बोझ सीधे अमेरिकी करदाताओं पर पड़ता है। उन्होंने मिनेसोटा में सोमाली समुदाय पर भी राज्य की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए। हालांकि, कई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि प्रवासी कृषि और निर्माण जैसे क्षेत्रों में अमेरिकी अर्थव्यवस्था में अहम योगदान देते हैं और वे जितना लेते हैं, उससे ज्यादा टैक्स लौटाते हैं।

विपक्ष का पलटवार, ‘मैं-मैं’ वाला भाषण बताया

डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं ने ट्रम्प के भाषण की कड़ी आलोचना की। सांसद क्रिस वैन होलेन ने कहा कि ट्रम्प ने अपने संबोधन में इतने झूठ बोले कि उनका हिसाब रखना मुश्किल है। वहीं, कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने सोशल मीडिया पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राष्ट्रपति के पूरे भाषण में सिर्फ एक ही शब्द सुनाई दिया—मैं, मैं, मैं।

भारत पर टैरिफ और नरमी के संकेत

ट्रम्प ने भारत पर लगाए गए टैरिफ का भी जिक्र किया। अमेरिका अब तक भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ और पेनल्टी लगा चुका है, जिसमें रूस से तेल खरीद को लेकर कार्रवाई शामिल है। हालांकि, ट्रम्प ने हाल ही में संकेत दिए हैं कि भारत और अमेरिका के बीच नया व्यापार समझौता जल्द अंतिम रूप ले सकता है और भारत पर लगे टैरिफ को धीरेधीरे कम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत ने रूसी तेल की खरीद कम की है और आने वाले समय में रिश्तों में सुधार होगा।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई