
लोकसभा में भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी ‘VB-जी राम जी’ बिल को लेकर बुधवार और गुरुवार को करीब 14 घंटे तक लंबी और तीखी बहस चली। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नाम बदलने, महात्मा गांधी के नाम हटाने और धार्मिक संदर्भों को लेकर जबरदस्त टकराव देखने को मिला। चर्चा में 50 से ज्यादा सांसदों ने हिस्सा लिया और कई ऐसे बयान सामने आए, जिन्होंने सदन के साथ-साथ बाहर भी राजनीतिक हलचल बढ़ा दी।
महात्मा गांधी का नाम हटने पर गरमाई बहस
नए ग्रामीण रोजगार बिल में महात्मा गांधी का नाम हटाने को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला। विपक्ष का आरोप रहा कि सरकार जानबूझकर गांधी के नाम को योजनाओं से हटाकर राजनीतिक एजेंडा चला रही है। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा में कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि नाम बदलने की “सनक” बीजेपी में नहीं, बल्कि कांग्रेस में रही है।
शिवराज बोले- कांग्रेस ने नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर 415 योजनाएं रखीं
शिवराज सिंह चौहान ने सदन में एक-एक कर उन योजनाओं और संस्थानों का जिक्र किया, जिनके नाम नेहरू-गांधी परिवार से जुड़े बताए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने महात्मा गांधी के बजाय नेहरू, इंदिरा और राजीव गांधी के नाम पर योजनाओं, संस्थानों और अवॉर्ड्स के नाम रखे। शिवराज ने दावा किया कि राज्य सरकारों की 25 योजनाएं राजीव गांधी के नाम पर और 27 इंदिरा गांधी के नाम पर हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालयों, खेल ट्रॉफियों, सड़कों, इमारतों, अवॉर्ड्स, अस्पतालों, स्कॉलरशिप, नेशनल पार्क और एयरपोर्ट तक नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर किए गए। उनके मुताबिक कुल मिलाकर ऐसी 415 योजनाएं और संस्थान हैं, जिनका नाम कांग्रेस ने अपने नेताओं के नाम पर रखा।
अजय भट्ट के बयान से सदन में विवाद
बहस के दौरान उत्तराखंड के नैनीताल-उधम सिंह नगर से भाजपा सांसद अजय भट्ट का बयान सबसे ज्यादा विवादों में रहा। उन्होंने कहा कि अगर लड़की की शादी न हो रही हो, नौकरी न लग रही हो, घर में कलह हो या गाय दूध न दे रही हो, तो ‘जय श्रीराम’ कहने से काम बन जाएगा। उनके इस बयान पर विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे असंवैधानिक व असंवेदनशील करार दिया। सोशल मीडिया पर भी इस बयान का वीडियो तेजी से वायरल हुआ।
कांग्रेस सांसद ने मनरेगा पर पढ़ी कविता
बुधवार को बहस के दौरान कांग्रेस सांसद संजना जाटव ने मनरेगा को लेकर कविता पढ़ी। उन्होंने कविता के जरिए गांव, मजदूर और रोजगार के संकट को सदन के सामने रखा और कहा कि मनरेगा ने गांवों में भूख और बेरोजगारी से लड़ने का काम किया था। उनका कहना था कि नए बिल से ठेकेदारी और असुरक्षा का खतरा बढ़ सकता है।
बीजेपी सांसद बोले- राम नहीं तो क्या अल्लाह का नाम रखेंगे
गुरुवार को भाजपा सांसद देवेंद्र चंदौलिया ने बिल के नाम को लेकर विपक्ष की आपत्ति पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर राम का नाम नहीं रखेंगे तो क्या अल्लाह का नाम रखेंगे। इसके साथ ही उन्होंने इंदिरा और राजीव गांधी के नाम के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए, जिस पर विपक्षी बेंच से कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।
निशिकांत दुबे का कांग्रेस पर तीखा हमला
लोकसभा में बुधवार रात भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर गांधी को “कई बार मारने” का आरोप लगाया। उन्होंने देश के बंटवारे, तिब्बत, कश्मीर, हिंदू मैरिज एक्ट और शाहबानो केस का जिक्र करते हुए कहा कि इन फैसलों के जरिए कांग्रेस ने गांधी के विचारों को खत्म किया। उनके इस बयान पर भी सदन में जोरदार हंगामा हुआ।
राजनीतिक संदेश और आगामी रणनीति
‘VB-जी राम जी’ बिल पर हुई यह बहस साफ संकेत देती है कि ग्रामीण रोजगार, गांधी बनाम नेहरू-गांधी परिवार और धार्मिक प्रतीकों का मुद्दा आने वाले समय में राजनीति के केंद्र में रहेगा। जहां सरकार इसे रोजगार और आजीविका से जोड़कर देख रही है, वहीं विपक्ष इसे विचारधारा और संविधान से जोड़कर सवाल उठा रहा है।
लोकसभा के इन मोमेंट्स ने एक बार फिर दिखा दिया कि नीति से ज्यादा राजनीति और प्रतीकों की लड़ाई संसद के विमर्श पर हावी होती जा रही है।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







