
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध और पश्चिमी देशों के रवैये को लेकर एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार दोपहर आयोजित अपनी 22वीं सालाना ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुतिन ने साफ शब्दों में कहा कि रूस युद्ध को शांति के रास्ते खत्म करने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए यूक्रेन को नाटो में शामिल होने की जिद छोड़नी होगी। पुतिन के मुताबिक, जब तक यह शर्त पूरी नहीं होती, तब तक स्थायी शांति संभव नहीं है।
यूक्रेन युद्ध पर पुरानी दलील दोहराई
पुतिन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि रूस शुरू से ही बातचीत के जरिए समाधान चाहता रहा है। उन्होंने दोहराया कि किसी भी शांति समझौते की शर्तें वही होंगी, जिनका उल्लेख उन्होंने जून 2024 में विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपने भाषण में किया था। उस समय पुतिन ने कहा था कि यूक्रेन को डोनेट्स्क और लुहांस्क क्षेत्रों से अपनी सेना पूरी तरह हटानी होगी और नाटो में शामिल होने की योजना को औपचारिक रूप से त्यागना होगा। पुतिन का दावा है कि मौजूदा हालात में रूसी सेना अग्रिम मोर्चे पर लगातार आगे बढ़ रही है और कई कस्बे व गांव रूसी नियंत्रण में आने के करीब हैं, हालांकि यूक्रेन इन दावों से सहमत नहीं है।
EU पर तीखा हमला, संपत्ति जब्ती को बताया डकैती
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुतिन ने यूरोपीय संघ पर भी तीखा हमला बोला। रूसी संपत्तियों को जब्त करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसे चोरी कहना भी गलत होगा, क्योंकि चोरी छिपकर होती है, जबकि यूरोपीय संघ जो कर रहा है, वह खुलेआम डकैती है। पुतिन ने चेतावनी दी कि जो देश इस प्रक्रिया में शामिल हैं, उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाइयों का बोझ अंततः यूरोपीय देशों के बजट पर पड़ेगा और उनके लिए आर्थिक हालात और मुश्किल हो जाएंगे।
गौरतलब है कि 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद पश्चिमी देशों ने करीब 250 अरब डॉलर की रूसी संपत्तियां फ्रीज कर दी थीं। लंबे समय से यह बहस चल रही है कि क्या इन संपत्तियों का इस्तेमाल यूक्रेन की मदद के लिए किया जा सकता है। हालांकि हालिया बातचीत के बाद यूरोपीय संघ के देश इस पर सहमति नहीं बना सके और अंततः उन्होंने 2027 तक यूक्रेन की अर्थव्यवस्था और सेना को समर्थन देने के लिए 90 अरब यूरो के कर्ज का रास्ता चुना।
शांति में देरी का ठीकरा यूक्रेन पर
जब पुतिन से पूछा गया कि अगर जल्द शांति समझौता नहीं हुआ तो अगले साल होने वाली मौतों का जिम्मेदार कौन होगा, तो उन्होंने साफ कहा कि वह इसकी जिम्मेदारी नहीं लेते। पुतिन के मुताबिक, उन्होंने यह युद्ध शुरू नहीं किया और शांति वार्ता में देरी पूरी तरह यूक्रेन की वजह से हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी शांति के लिए ईमानदारी से प्रयास कर रहे हैं और अगस्त में अंकोरेज में हुई मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों के बीच लगभग सहमति बन गई थी, लेकिन आगे बातचीत नहीं बढ़ सकी।
यूरोप पर हमले की आशंकाओं को बताया बकवास
पश्चिमी देशों द्वारा रूस के यूरोप पर संभावित हमले की आशंकाओं को पुतिन ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह सब पश्चिमी नेताओं द्वारा फैलाया गया डर है, जिसका कोई आधार नहीं है। पुतिन के अनुसार, यूक्रेन संकट पश्चिमी नीतियों का नतीजा है और अब वही नेता अपनी आर्थिक और सामाजिक विफलताओं को छिपाने के लिए रूस को दुश्मन के रूप में पेश कर रहे हैं।
टीवी सेट पर नक्शा और सख्त संकेत
पुतिन की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक और अहम संकेत सामने आया। उनके पीछे लगाए गए टीवी सेट पर रूस का नक्शा दिखाया गया, जिसमें क्रीमिया के साथ-साथ यूक्रेन के चार पूर्वी इलाके डोनेट्स्क, लुहांस्क, जापोरिज्जिया और खेरसॉन भी रूस का हिस्सा दिखाए गए। इन इलाकों को रूस ने 2022 में अपने साथ जोड़ने का दावा किया था, हालांकि अभी तक इन पर पूरा नियंत्रण नहीं है। यह दृश्य साफ संकेत देता है कि क्रेमलिन इन क्षेत्रों पर अपने दावे से पीछे हटने के मूड में नहीं है और शांति वार्ता में जमीन का मुद्दा सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







