बांग्लादेश में भारत विरोधी प्रदर्शन तेज: ढाका यूनिवर्सिटी में हादी की हत्या को लेकर नारेबाजी, हिंदू युवक की हत्या मामले में 6 और गिरफ्तार

SHARE:

बांग्लादेश में एक बार फिर राजनीतिक अस्थिरता और सांप्रदायिक तनाव के बीच भारत विरोधी प्रदर्शन देखने को मिले हैं। ढाका यूनिवर्सिटी से जुड़े शाहबाग इलाके में शुक्रवार को इंकिलाब मंच के बैनर तले बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया गया, जिसमें नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के दोषियों को सजा देने की मांग की गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भारत विरोधी नारे लगाए और सड़क जाम कर दी, जिससे पूरे इलाके में यातायात व्यवस्था ठप हो गई।

जानकारी के अनुसार, जुमे की नमाज के बाद ढाका यूनिवर्सिटी परिसर से एक जुलूस निकाला गया, जो शाहबाग पहुंचकर धरने में तब्दील हो गया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में पोस्टर थे और ‘आई एम हादी’ जैसे नारे लगाए जा रहे थे। इंकिलाब मंच का कहना है कि जब तक उस्मान हादी की हत्या में न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि ढाका यूनिवर्सिटी वही स्थान है, जहां जुलाई 2024 में हुए बड़े आंदोलन की रणनीति तैयार की गई थी, ऐसे में एक बार फिर इस परिसर से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन राजनीतिक संकेतों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

शरीफ उस्मान हादी की पिछले सप्ताह हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से देश में तनाव का माहौल है। उनकी हत्या को लेकर सरकार पर सवाल उठाए जा रहे हैं और विपक्षी व छात्र संगठनों की ओर से लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है, हालांकि प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए हालात बेकाबू भी हुए।

इसी बीच बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा के एक अन्य मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दीपू चंद्र दास की बेरहमी से की गई हत्या के मामले में छह और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी मयमनसिंह जिले के भालुका इलाके में की गई, जहां पुलिस ने छापेमारी कर संदिग्धों को हिरासत में लिया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन आरोपियों पर दीपू दास पर नौकरी छोड़ने का दबाव बनाने और हमले में शामिल होने के आरोप हैं। इस केस में अब तक कुल 18 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।

दीपू चंद्र दास की 18 दिसंबर को भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें मारने के बाद एक पेड़ से लटका दिया और फिर आग लगा दी। यह घटना सामने आने के बाद पूरे देश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय में भारी आक्रोश देखने को मिला और कई जगह विरोध प्रदर्शन हुए।

इस घटना के विरोध में हिंदू संगठन नेशनल हिंदू महाजोत ने ढाका स्थित नेशनल प्रेस क्लब पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दीपू दास की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की। संगठन का कहना है कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रही है।

बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता जताई जा रही है। विश्व हिंदू परिषद के नेता विनोद बंसल ने कहा है कि चुनाव से पहले इस तरह की घटनाएं पूरी दुनिया के लिए चेतावनी हैं और संयुक्त राष्ट्र को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि मानवाधिकार संस्थाएं इन घटनाओं पर चुप क्यों हैं।

इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस ने बांग्लादेश के लोगों से हिंसा से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की थी। वहीं, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर टुर्क ने भी कहा है कि बदले और हिंसा से हालात और बिगड़ेंगे तथा लोगों को बिना डर के अपनी बात रखने और सार्वजनिक जीवन में हिस्सा लेने का अधिकार मिलना चाहिए।

दीपू दास की हत्या पर भारत में भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। अभिनेत्री और पूर्व सांसद जया प्रदा ने इस घटना को दिल दहला देने वाला बताते हुए कहा कि यह धर्म के आधार पर की गई हिंसा है और अब ऐसी घटनाओं पर चुप नहीं रहा जा सकता। अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने भी इस हत्या को नरसंहार करार देते हुए चरमपंथ के हर रूप का विरोध करने की बात कही।

फिलहाल बांग्लादेश में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। राजनीतिक असंतोष, सांप्रदायिक हिंसा और चुनावी माहौल के बीच सरकार के सामने कानूनव्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई