
सोनी लिव पर प्रसारित हो रहे ‘शार्क टैंक इंडिया’ के पांचवें सीजन को शुरू हुए अभी ज्यादा वक्त नहीं हुआ है, लेकिन शो एक बार फिर अपने कंटेंट को लेकर चर्चा में आ गया है। इस बार वजह किसी बड़े निवेश सौदे की नहीं, बल्कि मंच पर आए कंटेस्टेंट्स के साथ किया गया व्यवहार है। शो के एक हालिया एपिसोड में दिल्ली के दो दोस्त विकास दहिया और प्रवीण मिश्रा अपने मेन्स इनरवियर ब्रांड ‘पैंटीजी’ की पिच लेकर पहुंचे, जहां पैनल में बैठे शार्क्स ने उनकी पिच को गंभीरता से लेने के बजाय मजाक का विषय बना दिया।
टैगलाइन सुनते ही हंसी में बदली पिच
पिच की शुरुआत ब्रांड की टैगलाइन ‘अंदर की बात होगी सुंदर’ से हुई, जिसे सुनते ही शार्क्स हंसने लगे। पैनल में मौजूद अमन गुप्ता, अनुपम मित्तल, नमिता थापर, मोहित यादव और कुणाल बहल ने पिच को हल्के-फुल्के अंदाज में लेना शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान शार्क मोहित यादव ने मजाकिया लहजे में पूछा कि क्या वे अनुपम मित्तल को अपने ब्रांड का एंबेसडर बनाएंगे। इस पर पिचर्स ने भी माहौल के अनुसार जवाब देते हुए कहा कि बिल्कुल, वह इस ब्रांड के लिए सबसे अतरंगी और स्टाइलिश चेहरा हो सकते हैं।
‘फेंक कर मारूंगा’ वाले बयान पर बढ़ा विवाद
पिचर्स के जवाब के बाद अनुपम मित्तल ने हंसते हुए कहा, ‘फेंक कर मारूंगा।’ इस बयान के बाद स्टूडियो में हंसी जरूर गूंजी, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे कंटेस्टेंट्स के अपमान से जोड़कर देखा जाने लगा। इसके बाद बाकी शार्क्स ने स्थिति संभालते हुए कहा कि अंडरवियर तो हर कोई पहनता है, इसलिए कोई भी ब्रांड एंबेसडर बन सकता है। हालांकि, तब तक पिच की गंभीरता काफी हद तक खत्म हो चुकी थी।
ब्रांड नाम पर भी उठे सवाल
अमन गुप्ता ने ब्रांड के नाम ‘पैंटीजी’ पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह नाम ‘फैंटेसी’ जैसा लगता है। इस पर कंटेस्टेंट ने जवाब देते हुए कहा कि नाम से ज्यादा जरूरी प्रोडक्ट और बिजनेस मॉडल होता है। उन्होंने अमन गुप्ता के ही ब्रांड ‘बोट’ का उदाहरण देते हुए कहा कि तकनीकी तौर पर ऑडियो ब्रांड के लिए ‘बोट’ भी कोई पारंपरिक नाम नहीं है, लेकिन आज उसे बाजार में स्वीकार्यता मिली हुई है। कंटेस्टेंट ने यहां तक कहा कि अगर बोट मोबाइल फोन भी बेचना शुरू कर दे, तो लोग उसे भी स्वीकार कर लेंगे।
सेल्स के आंकड़ों ने नहीं किया प्रभावित
पिच के दौरान कंटेस्टेंट्स ने बताया कि उनके ब्रांड के 80 प्रतिशत ग्राहक पुरुष हैं और 20 प्रतिशत महिलाएं। हालांकि, जब उन्होंने अपनी सेल्स से जुड़े आंकड़े साझा किए, तो शार्क्स ज्यादा प्रभावित नहीं हुए। अमन गुप्ता ने बातचीत से खुद को अलग कर लिया और धीरे-धीरे बाकी शार्क्स ने भी इस पिच से दूरी बना ली। आखिरकार ब्रांड को किसी भी शार्क से निवेश नहीं मिला।
शो में बदतमीजी का यह पहला मामला नहीं
यह पहली बार नहीं है जब ‘शार्क टैंक इंडिया’ में पिचर्स के साथ इस तरह का व्यवहार देखने को मिला हो। शो के पहले सीजन्स में जब अशनीर ग्रोवर जज थे, तब भी कई बार कंटेस्टेंट्स पर गुस्सा उतारने और तीखी भाषा इस्तेमाल करने के आरोप लगे थे। एक पिच के दौरान उन्होंने एक कंटेस्टेंट को ‘दोगला’ तक कह दिया था, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था।
अनुपम मित्तल पर पहले भी लग चुके हैं आरोप
अनुपम मित्तल भी इससे पहले कंटेस्टेंट्स के साथ सख्त और असंवेदनशील रवैये को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। ‘शार्क टैंक इंडिया’ के दूसरे सीजन में एक मसाला ब्रांड की पिच के दौरान वे इतना नाराज हो गए थे कि उन्होंने एक करोड़ रुपये से ज्यादा का चेक फाड़कर फेंक दिया था। उस वक्त भी शो की जजिंग स्टाइल पर सवाल उठे थे।
एंटरटेनमेंट बनाम एंटरप्रेन्योरशिप की बहस
शार्क टैंक इंडिया को एक ऐसा मंच माना जाता है, जहां नए उद्यमियों को अपने आइडिया पेश करने और निवेश पाने का मौका मिलता है। लेकिन इस तरह के घटनाक्रम के बाद यह बहस फिर तेज हो गई है कि क्या शो अब एंटरप्रेन्योरशिप से ज्यादा एंटरटेनमेंट पर फोकस करने लगा है। दर्शकों का एक वर्ग इसे शो का फॉर्मेट मानता है, वहीं दूसरा वर्ग कंटेस्टेंट्स के सम्मान और पेशेवर व्यवहार की मांग कर रहा है।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







