राहुल गांधी का इंदौर में सरकार पर हमला: बोले– पानी पीकर लोग मर रहे हैं, यही है अर्बन मॉडल; पीड़ित परिवारों को सौंपे मुआवजे के चेक

SHARE:

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को मध्य प्रदेश के इंदौर पहुंचे, जहां उन्होंने दूषित पानी से हुई मौतों और बीमारियों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने इंदौर की स्मार्ट सिटी छवि पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां लोग पानी पीकर मर रहे हैं और इसे ही अर्बन मॉडल बताया जा रहा है। उन्होंने सरकार से इस पूरे मामले की जिम्मेदारी लेने और प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की।

राहुल गांधी सबसे पहले बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने दूषित पानी से बीमार पड़े मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। अस्पताल में उन्होंने भर्ती मरीजों की स्थिति जानी और परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। राहुल ने कहा कि यह बेहद गंभीर स्थिति है कि एक बड़े शहर में लोगों को पीने के लिए साफ पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

भागीरथपुरा में मृतकों के परिजन से मिले राहुल

इसके बाद राहुल गांधी दूषित जल से सबसे ज्यादा प्रभावित भागीरथपुरा इलाके में पहुंचे। वे पैदल ही मृतकों के घरों तक गए और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। राहुल ने दूषित पानी से जान गंवाने वाली गीता बाई और जीवनलाल के परिवार से मुलाकात की और उन्हें डेढ़-डेढ़ लाख रुपए के चेक सौंपे। इसके अलावा संस्कार गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अन्य प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात की। यहां प्रत्येक परिवार को एक-एक लाख रुपए और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की ओर से 50-50 हजार रुपए के चेक दिए गए।

राहुल गांधी के साथ इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और अजय सिंह भी मौजूद रहे।

स्मार्ट सिटी मॉडल पर सवाल

भागीरथपुरा में मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कहा जाता था कि देश में स्मार्ट सिटी बनाई जाएंगी, लेकिन यह नया मॉडल देखिए। यहां पीने का साफ पानी नहीं है। परिवार पानी पीने के बाद बीमार हुए और लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इंदौर में साफ पानी नहीं मिल सकता, पानी पीकर लोग मर रहे हैं और यही अर्बन मॉडल है।

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि लोगों को डराया जा रहा है और इस मुद्दे को दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रही है। अगर किसी को यह राजनीति लगे तो लगे, लेकिन लोगों को साफ पानी मिलना चाहिए और यह सरकार की बुनियादी जिम्मेदारी है।

सरकार को जिम्मेदारी लेने की मांग

राहुल गांधी ने कहा कि यह समस्या सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के कई शहरों में यही स्थिति देखने को मिल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार में कोई तो जिम्मेदार होगा, जिसने यह व्यवस्था बनाई और जिसकी लापरवाही से लोगों की जान गई। राहुल ने कहा कि जिन परिवारों के लोग बीमार हुए, जिनकी मौत हुई और जिन पर इलाज का बोझ पड़ा, उनके लिए सरकार को मुआवजा देना चाहिए।

उन्होंने बताया कि रहवासियों ने उन्हें कहा है कि पानी की टंकी केवल एक प्रतीक बनकर रह गई है। आज भी साफ पानी नहीं मिल रहा है। कुछ समय के लिए पानी की सप्लाई पर रोक लगा दी जाती है, लेकिन बाद में वही दूषित पानी फिर से दिया जाएगा। लोगों की मांग है कि सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाए और स्थायी समाधान करे।

राजनीति के आरोपों पर राहुल का जवाब

जब राहुल गांधी से पूछा गया कि क्या वे यहां राजनीति करने आए हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि वे विपक्ष के नेता हैं और उनकी जिम्मेदारी बनती है कि लोगों की आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि वे यहां पीड़ित परिवारों को सपोर्ट करने आए हैं और इसमें कोई गलत बात नहीं है। अगर देश में लोगों को साफ पानी नहीं मिल रहा है, तो उनकी मदद करना उनका कर्तव्य है। राहुल ने कहा कि वे पीड़ितों के साथ खड़े हैं और सरकार को चाहिए कि वह लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराए।

दूषित पानी से 24 मौतों का मामला

गौरतलब है कि इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और शहरी बुनियादी सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहुल गांधी का यह दौरा न सिर्फ पीड़ित परिवारों के लिए संवेदना का संदेश लेकर आया, बल्कि स्मार्ट सिटी और शहरी विकास के दावों की भी कठोर परीक्षा बन गया है।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई