
उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन ने एक अभूतपूर्व और सख्त कदम उठाते हुए अपने डिप्टी प्रधानमंत्री यांग सुंग-हो को सार्वजनिक मंच से बर्खास्त कर दिया। यह कार्रवाई उस समय की गई, जब किम जोंग उन देश के र्योंगसोंग मशीन कॉम्प्लेक्स में एक बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट के पहले चरण के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कोरियाई सरकारी समाचार एजेंसी KCNA के अनुसार, किम ने भाषण के दौरान ही यांग को पद से हटाने का आदेश दिया और उन्हें मंच से तुरंत हट जाने को कहा।
मंच से फटकार, सीधे शब्दों में आदेश
अपने संबोधन के दौरान किम जोंग उन ने डिप्टी पीएम यांग सुंग-हो पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि वे बड़ी जिम्मेदारियां संभालने के योग्य नहीं हैं। किम ने सार्वजनिक रूप से कहा, “बहुत देर होने से पहले, अपने पैरों पर खुद यहां से चले जाओ।” इसके बाद उन्होंने अपने कैडर अपॉइंटमेंट सिस्टम पर भी सवाल उठाए और कहा कि यांग को जिम्मेदारी देना उनकी गलती थी। किम ने कहा, “एक बकरी गाड़ी नहीं खींच सकती। आखिरकार, गाड़ी बैल खींचता है, बकरी नहीं।”
सुधार के कई मौके, फिर भी नतीजा शून्य
किम जोंग उन ने स्पष्ट किया कि यांग को र्योंगसोंग मशीन कॉम्प्लेक्स के आधुनिकीकरण में हुई गंभीर गलतियों को सुधारने के लिए कई बार अवसर दिए गए थे। इसके बावजूद परियोजना में न तो गति आई और न ही गुणवत्ता में कोई सुधार दिखा। किम के मुताबिक, यांग लगातार असफल साबित हुए और उनमें जिम्मेदारी की भावना का अभाव साफ दिखाई दिया।
हालांकि किम ने यह भी कहा कि यांग को हटाने का मतलब यह नहीं है कि उन्हें पार्टी-विरोधी घोषित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यांग ने पार्टी की केंद्रीय समिति को ऐसे सुझाव दिए, जो न तो व्यावहारिक थे और न ही जमीनी सच्चाई पर आधारित थे। किम ने आरोप लगाया कि यांग ने अपने निजी हितों के लिए पार्टी को गुमराह करने की कोशिश भी की।
आर्थिक नीति और प्रशासनिक विफलता पर सवाल
KCNA के अनुसार, किम जोंग उन ने र्योंगसोंग मशीन कॉम्प्लेक्स को आधुनिक बनाने में हो रही देरी के लिए आर्थिक नीति से जुड़े अधिकारियों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही, अनुभव की कमी और अयोग्यता के कारण इस महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजना को कई स्तरों पर नुकसान पहुंचा है।
किम ने यह भी कहा कि मौजूदा आर्थिक नीति संभालने वाले अधिकारी देश के उद्योग को दोबारा व्यवस्थित करने और तकनीकी रूप से आगे बढ़ाने में सक्षम नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की अक्षमता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पार्टी कांग्रेस से पहले सख्त संदेश
यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब उत्तर कोरिया में सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की नौवीं पार्टी कांग्रेस की तैयारी चल रही है। दक्षिण कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी योनहाप के मुताबिक, किम की यह सार्वजनिक फटकार और बर्खास्तगी अधिकारियों के बीच अनुशासन और भय पैदा करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है, ताकि पार्टी कांग्रेस से पहले सभी अफसर सतर्क होकर काम करें।
योनहाप के अनुसार, यांग सुंग-हो पहले देश के मशीनरी उद्योग के मंत्री थे और बाद में उन्हें प्रमोट कर उपप्रधानमंत्री बनाया गया था। वे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में भी शामिल थे, हालांकि उनकी भूमिका स्थायी नहीं थी। फिलहाल यह साफ नहीं किया गया है कि उनकी जगह किसे नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
पहले भी दिख चुका है किम का कठोर चेहरा
उत्तर कोरिया में इस तरह की सार्वजनिक बर्खास्तगी दुर्लभ मानी जाती है, लेकिन यह पहली बार नहीं है। 2013 में किम जोंग उन ने अपने ही फूफा और प्रभावशाली नेता जांग सोंग-थैक को तख्तापलट की साजिश के आरोप में फांसी दी थी। उस समय जांग को पार्टी बैठक के दौरान सार्वजनिक रूप से गिरफ्तार किया गया था, जिसके दृश्य सरकारी टीवी पर भी दिखाए गए थे।
विश्लेषकों के अनुसार, यांग सुंग–हो की बर्खास्तगी यह साफ संकेत देती है कि किम जोंग उन पार्टी कांग्रेस से पहले प्रशासनिक ढांचे को पूरी तरह नियंत्रण में लाने और नाकाम अधिकारियों को उदाहरण बनाकर सख्त संदेश देने की नीति पर काम कर रहे हैं।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







