
जिले के केरेगांव परिक्षेत्र में वन विभाग एवं अर्थ रिट्रीट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जैव विविधता संरक्षण को लेकर विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य घने जंगलों में निवासरत वनवासियों को जंगलों के महत्व, वन्यजीवों तथा आँखों से दिखाई न देने वाले सूक्ष्म जीव-जंतुओं के संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
लोककला और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़े गए ग्रामीण
कार्यक्रम के दौरान अर्थ रिट्रीट फाउंडेशन की संस्थापक अनुभा द्विवेदी ने लोकनृत्य, चित्रकला एवं वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की। उन्होंने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बांस आधारित उत्पादों के निर्माण से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में वन ग्रामों की महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जैव विविधता के संरक्षण पर अधिकारियों का जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे धमतरी के वन मंडलाधिकारी जाधव श्री कृष्णा ने जैव विविधता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जैव विविधता प्रबंधन समिति (बीएमसी) के सशक्तिकरण और ग्रामवासियों को निरंतर प्रशिक्षण एवं जागरूकता से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से वन विभाग द्वारा विशेष जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि वन क्षेत्रों में संरक्षण की भावना मजबूत हो सके।
जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएफएस एम. यादव, संयुक्त वन मंडलाधिकारी मनोज विश्वकर्मा, जनपद अध्यक्ष नगरी महेश गोटा, जनपद सदस्य कुकरेल चंद्रकला साहू, सरपंच केरेगांव अकबर मंडावी, सरपंच डोकाल देवचंद उइके, एसीएफ प्रभारी रेंजर डिकेन्द्र नेताम, परिक्षेत्र अधिकारी ओमकार सिन्हा सहित वन प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, फायर वाचर एवं वन सुरक्षा श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कला, पोस्टर और लोकनृत्य से दिया गया संरक्षण का संदेश
अभियान को जनसुलभ और प्रभावी बनाने के लिए कला चित्रों, पोस्टरों एवं पेंटिंग के माध्यम से जैव विविधता संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं लोकनृत्य प्रस्तुतियों के जरिए सरल भाषा में पर्यावरण संरक्षण की बात ग्रामीणों तक पहुंचाई गई। इन नवाचारों के चलते ग्रामीणों की सहभागिता उल्लेखनीय रही और कार्यक्रम एक जनआंदोलन का रूप लेता नजर आया।
प्लास्टिक मुक्त छत्तीसगढ़ और वन्यजीव सतर्कता पर अपील
अर्थ रिट्रीट फाउंडेशन के सह-संस्थापक सिद्धार्थ द्विवेदी एवं संस्था के स्वयंसेवकों ने छत्तीसगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। विषय विशेषज्ञ शेफाली यादव ने जैव विविधता पर विस्तृत जानकारी देते हुए जंगल में सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध वन्यजीव गतिविधि की तुरंत सूचना वन विभाग को देने की अपील की।
वृक्षारोपण के साथ लिया गया संरक्षण का संकल्प
पर्यावरण संरक्षण के संदेश को सशक्त करने के उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण भी किया गया। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पौधारोपण कर वन संरक्षण और जैव विविधता की रक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प लिया।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







