बालोद में पत्नी की गला घोंटकर हत्या: मां को खाना नहीं परोसने पर विवाद, गिरकर मौत का झूठा दावा; पति गिरफ्तार

SHARE:

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में छह दिन पहले मिली एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि महिला की उसके पति ने रस्सी से गला घोंटकर हत्या की थी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस और ग्रामीणों को गुमराह करने के लिए यह कहानी गढ़ी कि उसकी पत्नी गिरकर मर गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम देवी नवागांव का है। आरोपी की पहचान 43 वर्षीय धर्मेंद्र निषाद के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतका सावित्री बाई निषाद (38) का शव 23 फरवरी की शाम तांदुला नदी किनारे संदिग्ध अवस्था में मिला था।

घटनास्थल से मिले संघर्ष के संकेत

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और 24 फरवरी की सुबह फॉरेंसिक व साइबर टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि महिला के गले पर कसाव के निशान थे, जिससे गला घोंटने की आशंका हुई। घटनास्थल पर चप्पल उल्टी पड़ी मिली और एक हाथ की चूड़ी टूटी हुई थी। दूसरे हाथ की मुट्ठी में घास और मिट्टी दबी मिली, जो संघर्ष की ओर इशारा कर रही थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत गला घोंटने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

पति ने दिया भ्रामक बयान

प्रारंभिक पूछताछ में धर्मेंद्र निषाद ने दावा किया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार थी और संभव है कि वह गिर गई हो। उसने यह भी कहा कि गिरने के दौरान रस्सी गले में फंस गई होगी। हालांकि पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ने अंततः हत्या की बात स्वीकार कर ली।

खाना नहीं परोसने को लेकर था विवाद

पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। वह अक्सर घर के कामकाज को लेकर विवाद करती थी और कई बार मां, बेटी तथा पति को खाना नहीं परोसती थी। आरोपी का कहना है कि यदि उसकी मां पानी को छू लेती थी तो सावित्री उसे फेंक देती थी। इसी बात को लेकर घर में तनाव रहता था। वह कई बार बिना बताए मायके भी चली जाती थी। इन कारणों से आरोपी नाराज रहता था और 23 फरवरी को गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी।

साड़ी से बनाया फंदा, हत्या के बाद नहाकर लौटा घर

पुलिस जांच में सामने आया कि जिस दिन घटना हुई, उस सुबह सावित्री शौच के लिए घर से निकली थी। आरोपी खेतों के रास्ते तांदुला नदी किनारे पहुंचा। वहां अरहर के खेत के पास बंधी साड़ी को फाड़कर उसने फंदा बनाया और पत्नी का गला घोंट दिया। हत्या के बाद वह पास के तालाब में नहाकर घर लौटा ताकि शक न हो।

हत्या के बाद खोजने का नाटक

वारदात के बाद आरोपी ने पत्नी की तलाश का नाटक किया। उसने रिश्तेदारों के यहां पूछताछ की और साले को फोन कर पूछा कि क्या सावित्री मायके गई है। शाम को जब गांव की कुछ महिलाओं ने झाड़ियों में शव देखा तो सूचना परिवार को दी गई। आरोपी रिश्तेदार के साथ मौके पर पहुंचा और मृतका को छूकर कहा कि वह जीवित नहीं है। उसने मोबाइल से फोटो लेकर सरपंच को भेजा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने कहा कि आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई