भारत ने इंग्लैंड को हराकर टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में बनाई जगह: चौथी बार फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम, कई बड़े रिकॉर्ड बने

SHARE:

भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में दोनों टीमों ने रिकॉर्डों की झड़ी लगा दी। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में चौथी बार फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। इससे पहले भारत 2007, 2014 और 2024 में भी फाइनल खेल चुका है। पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड जैसी टीमों ने अब तक तीन-तीन बार ही फाइनल में जगह बनाई है।

भारत की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि टीम ने लगातार दूसरे टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले पाकिस्तान (2007 और 2009) तथा श्रीलंका (2012 और 2014) ही लगातार दो वर्ल्ड कप फाइनल खेलने का रिकॉर्ड बना पाए थे। इसके साथ ही भारत आईसीसी व्हाइट बॉल टूर्नामेंट में लगातार चौथा फाइनल खेलने वाली टीम भी बन गया है। इससे पहले टीम 2023 वनडे वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भी पहुंच चुकी है।

सेमीफाइनल में रिकॉर्डों की बारिश

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए भारत और इंग्लैंड के इस सेमीफाइनल मुकाबले में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। दोनों टीमों ने मिलकर कुल 34 छक्के लगाए, जो टी-20 वर्ल्ड कप के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के मैच के नाम था, जिसमें दोनों टीमों ने मिलकर 31 छक्के लगाए थे।

मुकाबले में कुल 73 बाउंड्री भी लगीं, जिनमें 39 चौके और 34 छक्के शामिल रहे। टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी एक मैच में यह सबसे ज्यादा बाउंड्री का रिकॉर्ड बन गया है। इससे पहले 2016 में इसी मैदान पर इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के मैच में 61 बाउंड्री लगी थीं।

499 रन का बड़ा मैच टोटल

इस रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 499 रन बनाए, जो टी-20 इंटरनेशनल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा मैच टोटल है। इस सूची में पहला स्थान 2023 में सेंचुरियन में खेले गए दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के मैच के नाम है, जहां दोनों टीमों ने मिलकर 517 रन बनाए थे।

भारत ने इस मैच में टी-20 वर्ल्ड कप में अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। टीम इंडिया का सबसे बड़ा स्कोर 256 रन है, जो इसी टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में बनाया गया था। ओवरऑल टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह चौथा सबसे बड़ा स्कोर रहा।

टूर्नामेंट में भारत के 88 छक्के

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में कुल 88 छक्के लगाए, जो किसी एक वर्ल्ड कप एडिशन में किसी भी टीम द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज है, जिसने इसी साल 76 छक्के लगाए थे, जबकि दक्षिण अफ्रीका 72 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर रही।

भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल की एक पारी में 19 छक्के लगाकर टी-20 वर्ल्ड कप के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। इससे पहले 2014 में नीदरलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ एक पारी में 19 छक्के लगाए थे। 2026 में ही वेस्टइंडीज ने भी जिम्बाब्वे के खिलाफ 19 छक्के लगाए थे।

संजू सैमसन ने कोहली की बराबरी की

भारत की जीत में संजू सैमसन की शानदार पारी का अहम योगदान रहा। उन्होंने 89 रन की शानदार पारी खेली और टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में किसी भारतीय द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी के मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली। कोहली ने 2016 के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 89 रन बनाए थे।

संजू सैमसन ने इस टूर्नामेंट में 16 छक्के लगाकर एक वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने रोहित शर्मा के 2024 में बनाए गए 15 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस सूची में शिवम दुबे 15 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने 14-14 छक्के लगाए।

इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने भी बनाए रिकॉर्ड

हालांकि इंग्लैंड को इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उनके बल्लेबाजों ने भी कई रिकॉर्ड बनाए। इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने भारत के खिलाफ 45 गेंदों में शतक लगाया, जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। इस सूची में पहला स्थान न्यूजीलैंड के फिन एलन के नाम है, जिन्होंने इसी टूर्नामेंट में 33 गेंदों में शतक लगाया था।

बेथेल ने इस मैच में 105 रन की पारी खेलकर टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड भी बना दिया।

इस तरह रिकॉर्डों से भरे इस मुकाबले में भारत ने रोमांचक जीत हासिल करते हुए फाइनल में जगह बनाई और एक बार फिर दुनिया को अपनी टी-20 क्रिकेट ताकत का अहसास करा दिया। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारत खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई