दुर्ग में 8 करोड़ की अफीम की अवैध खेती का खुलासा: भाजपा नेता विनायक ताम्रकर समेत तीन गिरफ्तार, फार्म हाउस में लगे थे बाउंसर और CCTV

SHARE:

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया है, जिसने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। समोदा गांव में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत की अफीम की खेती पकड़े जाने के बाद पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि शिवनाथ नदी के किनारे बने फार्म हाउस में बड़े स्तर पर अवैध तरीके से अफीम उगाई जा रही थी और इसकी सुरक्षा के लिए बाउंसर तथा सीसीटीवी कैमरे तक लगाए गए थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी विनायक ताम्रकर ने शिवनाथ नदी के पास लगभग 110 एकड़ क्षेत्र में फार्म हाउस बनाया हुआ था, जिसे चारों तरफ से फेंसिंग कर घेर दिया गया था। इसी फार्म हाउस के करीब 11 एकड़ क्षेत्र में मक्का और गेहूं की फसल के बीच छिपाकर अफीम की खेती की जा रही थी। पुलिस ने मौके से करीब 14.30 लाख अफीम के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7.88 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

फार्म हाउस की कड़ी सुरक्षा, बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पूरे फार्म हाउस की सुरक्षा काफी कड़ी थी। वहां बाहरी लोगों की एंट्री लगभग प्रतिबंधित थी। फार्म हाउस के चारों तरफ बाउंड्री और गेट लगे हुए थे, जिसके कारण सामान्य ग्रामीणों को आसपास भटकने तक की अनुमति नहीं थी।

ग्रामीणों के अनुसार फार्म हाउस की देखरेख खुद भाजपा नेता विनायक ताम्रकर करता था। मजदूरों के रहने के लिए मकान और अन्य सुविधाएं भी उसी के द्वारा उपलब्ध कराई जाती थीं। बताया जा रहा है कि मजदूरों को राजस्थान से लाया गया था। इसके अलावा खेतों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और सुरक्षा के लिए बाउंसर भी रखे गए थे।

डिजिटल सर्वे के दौरान सामने आई खेती की जानकारी

दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह के अनुसार प्रशासन को अगस्त महीने में डिजिटल सर्वे के दौरान इस क्षेत्र में खेती की जानकारी मिली थी। प्रारंभिक जांच में यहां मक्का और गेहूं की फसल दिखाई दी थी, लेकिन बाद में जांच में पता चला कि इन्हीं फसलों के बीच अफीम के पौधे भी लगाए गए हैं।

इसके बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरे खेत की जांच की और वहां से बड़ी मात्रा में अफीम के पौधे बरामद किए। जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकर, उसके सहयोगी विकास विश्नोई और फार्म हाउस के मुंशी मनीष ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।

ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई धक्कामुक्की

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जब ग्रामीण फार्म हाउस के अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे, तब पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और पुलिस ने पूरे इलाके को अपने कब्जे में लेकर जांच पूरी की।

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने भी कार्रवाई करते हुए विनायक ताम्रकर को पार्टी से निलंबित कर दिया है।

मामले को लेकर सियासत गरमाई

अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समोदा गांव पहुंचे और पूरे मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में इतनी बड़ी अवैध खेती होना गंभीर सवाल खड़े करता है।

भूपेश बघेल ने कहा कि ग्रामीणों के अनुसार विनायक ताम्रकर का करीब 100 एकड़ का फार्म हाउस है और लगभग 150 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे की भी बात सामने आ रही है। उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि इस पूरे मामले में किन-किन नेताओं और अधिकारियों की भूमिका है, इसकी जांच होनी चाहिए।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कमल के फूल वाली पार्टी के नेता अब अपने खेतों में अफीम के फूल उगा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को विधानसभा में भी उठाया जाएगा।

आरोपी ने खुद को बताया निर्दोष

वहीं मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि जिस जमीन पर अफीम की खेती पाई गई है, वह जमीन उनकी नहीं है और उसे अधिया पर दिया गया था। उन्होंने दावा किया कि उन्हें इस खेती की कोई जानकारी नहीं थी और उनके खिलाफ राजनीतिक द्वेष के कारण कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में अभी दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है, जो फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीम राजस्थान तक भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी सामने लाई जाएगी।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई