
बालोद (छत्तीसगढ़):
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने पहले अपनी 10 साल की बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर साड़ी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इस दौरान कमरे में मौजूद उसका 13 साल का बेटा किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग निकला। बताया जा रहा है कि महिला पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और अपने आरक्षक पति की मौत के बाद डिप्रेशन में थी। यह घटना बालोद शहर थाना क्षेत्र के शिकारीपारा वार्ड की है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार मृतका का नाम निकिता पटौदी (37 वर्ष) है और उसकी बेटी वैभवी (10 वर्ष) थी। दोनों शिकारीपारा वार्ड में रहते थे। निकिता के पति रविशंकर पटौदी, जो दल्लीराजहरा थाने में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे, की तीन साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। पति की मौत के बाद से निकिता डिप्रेशन में रहने लगी थी। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे निकिता ने पहले अपने बेटे रेवेंद्र पटौदी (13 वर्ष) का गला दबाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह खुद को छुड़ाकर भाग गया।
रेवेंद्र ने मां की हरकत के बाद अपनी मौसी के कमरे में जाकर बिना किसी को कुछ बताए सो गया। इस बीच कमरे में सो रही उसकी बहन वैभवी पर निकिता ने साड़ी से हमला कर दिया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसी साड़ी का दूसरा हिस्सा काटकर उसने पंखे में बांध लिया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह दिखा भयावह दृश्य
सुबह जब एक पड़ोसी घर के पीछे की तरफ पुताई कर रहा था, तो उसने वेंटिलेशन से कमरे के अंदर झांका। अंदर का दृश्य देखकर वह सन्न रह गया। कमरे में मां और बेटी के शव पड़े हुए थे। उसने तुरंत परिवार वालों को सूचना दी और पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पति की मौत के बाद बिगड़ गई थी मानसिक स्थिति
मृतिका के पिता पंवर सिंह सोरी ने बताया कि निकिता की शादी सांकरी गांव में हुई थी। उसके पति की तीन साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत के बाद से वह मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने लगी थी। उन्होंने बताया कि वह कई बार अजीब हरकतें करती थी, लेकिन परिवार को कभी उम्मीद नहीं थी कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी। वह अपने मायके में ही दोनों बच्चों के साथ रह रही थी।
दिवाली की तैयारी में थी बेटी वैभवी
परिजनों ने बताया कि निकिता के दोनों बच्चे बालोद में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। बेटा रेवेंद्र आठवीं कक्षा में और बेटी वैभवी पांचवीं में पढ़ती थी। वैभवी दीवाली की तैयारी में जुटी हुई थी, लेकिन अब घर में त्योहार की जगह मातम छा गया है। निकिता और उसकी बेटी का अंतिम संस्कार सांकरी (लाटाबोड़) में किया गया।
मानसिक असंतुलन की आशंका, पुलिस जांच जारी
बालोद एसडीओपी देवांश सिंह राठौर ने बताया कि घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि निकिता मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। अब पुलिस मामले की जांच कई एंगल से कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आत्महत्या से पहले कोई और कारण या दबाव तो नहीं था।
यह घटना पूरे बालोद में सनसनी का कारण बनी हुई है। दिवाली से पहले हुई इस दुखद घटना ने पूरे इलाके को शोक में डाल दिया है। एक मासूम बच्ची की मौत और एक मां की मानसिक पीड़ा की यह कहानी समाज के लिए चेतावनी है कि मानसिक स्वास्थ्य को नजरअंदाज करना कितना घातक साबित हो सकता है।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







