
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में चोरों ने एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने शहर के कारोबारियों में सनसनी फैला दी है। गुदरी चौक स्थित गोलू मोबाइल शॉप में बीती रात अज्ञात चोरों ने दीवार में 1 फीट का छेद बनाकर करीब 25 लाख रुपये के मोबाइल फोन चोरी कर लिए। चोरों ने बड़ी चतुराई से केवल महंगे मोबाइल जैसे iPhone, Samsung, OnePlus, Oppo और Vivo के सेट उठाए, जबकि सस्ते मोबाइल फोन वहीं फेंक दिए। खास बात यह रही कि चोरों ने कैश काउंटर और दुकान में रखी सोने की अंगूठी तक को हाथ नहीं लगाया।
दीवार तोड़कर अंदर घुसे चोर, CCTV में कैद हुई वारदात
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के गुदरी चौक इलाके की है। पुलिस के अनुसार, गोलू मोबाइल शॉप के संचालक विक्रांत जायसवाल और विवेक जायसवाल 5 नवंबर की रात रोज की तरह दुकान बंद कर बौरी पारा स्थित अपने घर चले गए थे। देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में हैंड ड्रिलर की मदद से करीब 1 फीट चौड़ा छेद कर अंदर प्रवेश किया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक चोर साफ नजर आ रहा है। अनुमान है कि दूसरा आरोपी बाहर निगरानी में खड़ा था।
दुकान के भीतर अलर्ट अलार्म भी सक्रिय हुआ, लेकिन रात का समय होने और बाजार बंद रहने की वजह से किसी ने आवाज पर ध्यान नहीं दिया। अगले दिन सुबह जब दुकान खोली गई, तब चोरी की वारदात का पता चला।
100 से ज्यादा मोबाइल सेट चोरी, सिर्फ महंगे फोन ले गए
संचालकों के अनुसार, चोरों ने दुकान में रखे करीब 100 मोबाइल सेट निकाले। उन्होंने पैक्ड डिब्बे खोलकर केवल महंगे मोबाइल फोन अपने साथ ले गए और सस्ते ब्रांड के फोन दुकान के पीछे फेंक दिए। मौके से लगभग 7 से 8 लाख रुपये कीमत के सस्ते मोबाइल फोन पीछे पड़े मिले। कुछ मोबाइल के खाली डिब्बे भी बिखरे हुए थे।
चोरों ने बड़ी चालाकी से केवल उन्हीं कंपनियों के फोन चुने जिनकी कीमत अधिक थी। अनुमान है कि चोरी गए सभी फोन की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये से अधिक है। संचालक अब चोरी हुए स्टॉक की पूरी सूची तैयार कर रहे हैं।
कैश काउंटर और गोल्ड रिंग को नहीं छुआ
वारदात के बाद दुकान संचालक जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान के पीछे से दीवार तोड़ी गई थी, लेकिन कैश काउंटर पूरी तरह सुरक्षित था। कैश काउंटर में थोड़ी नकदी और एक सोने की अंगूठी रखी हुई थी, जिसे चोरों ने नहीं छुआ। यह बात पुलिस के लिए भी हैरानी का विषय है कि इतने बड़े स्तर की चोरी करने के बावजूद चोरों ने नकद या सोने के आभूषणों को हाथ नहीं लगाया।
कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। दुकान के आसपास के सभी CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







