दिल्ली हाईकोर्ट ने दी ‘120 बहादुर’ को पैन इंडिया रिलीज की अनुमति, फिल्म में दिखेंगे सभी 120 सैनिकों के नाम

SHARE:

दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को 1962 में रेजांग ला की लड़ाई पर आधारित फरहान अख्तर की फिल्म ‘120 बहादुर’ को पैन इंडिया रिलीज की अनुमति दे दी है। जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह और जस्टिस शैल जैन की डिवीजन बेंच ने फिल्ममेकर की उस दलील को महत्व दिया कि युद्ध में भाग लेने वाले सभी 120 सैनिकों के नाम फिल्म के अंत में क्रेडिट के रूप में शामिल किए गए हैं।

यह आदेश संयुक्त अहीर रेजिमेंट मोर्चा, उसके ट्रस्टी और शहीदों के परिजनों द्वारा दायर जनहित याचिका के निस्तारण के दौरान आया। याचिका में आरोप लगाया गया था कि फिल्म में ऐतिहासिक तथ्यों में छेड़छाड़ की गई है और फिल्म का नाम भ्रामक है। याचिकाकर्ताओं ने फिल्म का नाम बदलकर ‘120 वीर अहीर’ करने और सभी 120 सैनिकों के नाम सही ढंग से शामिल करने की मांग की थी।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के वकील ने अदालत को बताया कि वे इस समय फिल्म का नाम बदलने की मांग नहीं कर रहे हैं, लेकिन सभी सैनिकों के नाम सही ढंग से फिल्म में दिखाए जाएं। प्रोड्यूसर के वकील ने कोर्ट को बताया कि सभी 120 वीर सैनिकों के नाम पहले ही इलेस्ट्रेशन के माध्यम से फिल्म के अंत में श्रद्धांजलि के रूप में शामिल किए जा चुके हैं।

अदालत ने फिल्म के नाम को बदलने का निर्देश देने से इनकार किया। कोर्ट ने संगठन को निर्देश दिया कि फिल्म का अवलोकन करें और सुनिश्चित करें कि सभी सैनिकों के नाम मौजूद हैं। यदि किसी प्रकार के सुधार या एडिटिंग की आवश्यकता होगी तो यह केवल OTT रिलीज़ के लिए किया जाएगा। OTT संस्करण में भी केवल सैनिकों के नाम और उनकी रेजिमेंट का सही उल्लेख होगा।

फिल्म में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्हें 1962 की रेजांग ला लड़ाई में उनकी बहादुरी के लिए परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था। मेजर भाटी की वीरता और नेतृत्व ही फिल्म का केंद्र बिंदु है।

फिल्म की शूटिंग लद्दाख, राजस्थान और मुंबई में की गई है। खासकर लद्दाख में इसे 14,000 फीट की ऊंचाई पर शूट किया गया, ताकि वास्तविक युद्ध स्थल की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को दर्शाया जा सके। फिल्म का निर्देशन रजनीश घई ने किया है, जबकि रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज) ने इसका निर्माण किया है।

‘120 बहादुर’ केवल युद्ध फिल्म नहीं है, बल्कि 120 जवानों की वीरता, देशभक्ति और साहस की कहानी है। 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली यह फिल्म दर्शकों को युद्ध की कठिन परिस्थितियों और सैनिकों के संघर्ष के करीब ले जाएगी।

फिल्म को लेकर दर्शकों और आलोचकों में काफी उत्सुकता है। अदालत के आदेश के बाद फिल्म अब बिना किसी संशोधन के रिलीज होगी, जिससे प्रोड्यूसर और दर्शक दोनों को राहत मिली है। फरहान अख्तर की एक्टिंग, युद्ध दृश्यों की यथार्थता और कहानी का भावपूर्ण चित्रण ‘120 बहादुर’ को इस साल की प्रमुख बॉलीवुड रिलीज़ में शामिल करता है।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई