
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार से गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला जाएगा। लेकिन मैच शुरू होने से ठीक पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट के कारण इस टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी अनुपस्थिति में विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम इंडिया की कमान संभालेंगे। बीसीसीआई ने शुक्रवार को आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की। वहीं, टीम मैनेजमेंट नीतीश रेड्डी को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने पर विचार कर रहा है।
भारत सीरीज में 0-1 से पीछे है और पहले मैच में 30 रन से हार झेलने के बाद क्लीन स्वीप होने का खतरा मंडरा रहा है। गुवाहाटी में पहली बार टेस्ट मैच खेला जा रहा है, इसलिए पिच और मौसम की परिस्थितियां इस मुकाबले का परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी। पहले टेस्ट में भारतीय बल्लेबाज बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे थे और शुरुआती ओवर्स में पेसर्स व बाद में स्पिनर्स के सामने संघर्ष करते नजर आए थे।
गिल की चोट से टीम कॉम्बिनेशन पर असर
शुभमन गिल को कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में गर्दन में ऐंठन की समस्या हुई, जिसके चलते वे केवल तीन गेंद खेलकर ही रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया और बीसीसीआई ने साफ कर दिया कि वे अगले मुकाबले में उपलब्ध नहीं होंगे। गिल 2025 में भारत के टॉप रन स्कोरर रहे हैं। उन्होंने 9 मैचों में 5 शतक जमाते हुए 983 रन बनाए थे। ऐसे में उनका बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
उनकी जगह साई सुदर्शन को ओपनिंग का मौका मिल सकता है। टीम के पास देवदत्त पडिक्कल एक और बैकअप विकल्प हैं, लेकिन मैनेजमेंट सुदर्शन को ज्यादा भरोसेमंद विकल्प मान रहा है। वहीं, नीतीश रेड्डी को स्क्वॉड में दोबारा शामिल किया गया है। उन्हें प्लेइंग इलेवन में तभी जगह दी जाएगी जब वॉशिंगटन सुंदर या अक्षर पटेल में से किसी एक को बाहर बैठाया जाए।
टेस्ट इतिहास में साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक कुल 44 टेस्ट खेले गए हैं। इनमें भारत ने 16 और साउथ अफ्रीका ने 19 में जीत दर्ज की है, जबकि 10 मैच ड्रॉ रहे हैं। भारत ने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 20 टेस्ट खेले हैं, जिनमें 11 जीत उसके नाम हैं। हालांकि इस बार मेहमान टीम भारत को अपने घर में हराकर इतिहास रचने की कोशिश में है।
शानदार फॉर्म में चल रहे मोहम्मद सिराज इस साल भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने 41 विकेट लिए हैं। दूसरी ओर रवींद्र जडेजा रन और विकेट दोनों के मामले में टीम को संतुलन प्रदान कर रहे हैं।
साउथ अफ्रीका की ओर से वियान मुल्डर इस साल सबसे ज्यादा रन बना चुके हैं, जबकि लेफ्ट आर्म स्पिनर केशव महाराज टीम के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
गुवाहाटी की पिच और मौसम बनाएंगे मुकाबला रोमांचक
बरसापारा स्टेडियम भारत का 30वां टेस्ट वेन्यू बनने जा रहा है। यहां पहली बार टेस्ट खेला जाएगा। यह पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, लेकिन लाल गेंद और टेस्ट फॉर्मेट में इसकी व्यवहारिकता को लेकर अभी कुछ कहना मुश्किल है।
सुबह की नमी तेज गेंदबाजों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, पिच के सूखने के बाद स्पिनरों को मदद मिल सकती है। गुवाहाटी में सूरज जल्दी उगने और जल्दी डूबने की वजह से यह टेस्ट सुबह 9 बजे से शुरू होगा।
पहला सत्र 9 से 11 बजे, टी ब्रेक 20 मिनट, दूसरा सत्र 11:20 से 1:20 बजे, लंच 40 मिनट और तीसरा सत्र 2 बजे से 4 बजे तक खेला जाएगा।
टीम इंडिया को बदलना होगा कॉम्बिनेशन: आकाश चोपड़ा
जियोस्टार एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा ने मीडिया-डे के दौरान कहा कि भारत को अपने कॉम्बिनेशन में बदलाव करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पिच हार की वजह नहीं होती, क्योंकि दोनों टीमें एक ही विकेट पर खेलती हैं। असली समस्या टीम कॉम्बिनेशन की है।
उन्होंने कहा कि 5 स्पेशलिस्ट बल्लेबाजों के साथ खेलना जोखिम भरा है, खासकर तब जब उनमें से 2 विकेटकीपर हों। भारत को एक अतिरिक्त स्पेशलिस्ट बल्लेबाज शामिल करना चाहिए, ताकि मध्यक्रम स्थिर रहे।
पॉसिबल प्लेइंग इलेवन
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
साउथ अफ्रीका: ऐडन मार्करम, रायन रिकेल्टन, वियान मुल्डर, टेम्बा बावुमा (कप्तान), टोनी डी जॉर्जी, ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरिने (विकेटकीपर), साइमन हार्मर, केशव महाराज, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







