
बांग्लादेश में शुक्रवार सुबह 10:08 बजे (भारतीय समयानुसार) आए भूकंप ने देश के कई इलाकों में तबाही मचा दी। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.7 दर्ज की गई। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। भूकंप का केंद्र ढाका के पास नरसिंगडी के माधबडी क्षेत्र में था, जो राजधानी से करीब 25 किलोमीटर दूर है। झटके इतने तेज थे कि कई इमारतें हिल गईं और एक 10 मंजिला बिल्डिंग भी झुक गई, जिसे देख लोगों में दहशत फैल गई।
भूकंप के दौरान कपड़ा फैक्ट्री में भगदड़, 150 मजदूर घायल
सबसे ज्यादा अफरा-तफरी गाजीपुर के श्रीपुर इलाके में मची, जहां एक कपड़ा फैक्ट्री डेनिमेक में भूकंप के झटकों के बीच अचानक भगदड़ हो गई। भूकंप महसूस होते ही मजदूर बाहर निकलने लगे, लेकिन आरोप है कि अधिकारियों ने मेन गेट खोलने से इनकार कर दिया। इससे स्थिति और बिगड़ गई और सैकड़ों मजदूर एक साथ बाहर निकलने की कोशिश में घायल हो गए। इनमें से 150 से ज्यादा लोगों की हालत ऐसी थी कि उन्हें तुरंत श्रीपुर उपजिला स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। मजदूरों ने बताया कि जैसे ही जमीन हिली, लोग घबराकर भागने लगे, पर गेट बंद होने के कारण भारी भगदड़ की स्थिति बन गई।
दीवार गिरने से 10 महीने की बच्ची की मौत, मां घायल
नारायणगंज के रूपगंज उपजिला में भूकंप ने एक परिवार को गहरा दर्द दे दिया। झटकों के दौरान एक पुरानी दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आकर 10 महीने की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मां और एक पड़ोसी भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मां ने बताया कि जैसे ही भूकंप आया, वह घबराकर बच्ची को गोद में लेकर घर से बाहर निकलीं और अपनी मां के घर जाने लगीं। तभी सड़क किनारे की एक दीवार अचानक गिर गई और बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह हादसा बेहद दर्दनाक था और उन्हाेंने राहत टीम को तुरंत मौके पर भेजा।
10 मंजिला इमारत एक तरफ झुकी, शहरों में दहशत का माहौल
ढाका के पास माधबडी में एक 10 मंजिला इमारत भूकंप की तीव्रता से दूसरी तरफ झुक गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसा पहली बार देखा कि पूरी बिल्डिंग एक तरफ झुककर खड़ी हो गई। हालांकि, इमारत के गिरने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन ने इसे तुरंत खाली करा लिया है और इंजीनियरों की टीम मौके पर इमारत की संरचनात्मक जांच कर रही है।
क्रिकेट मैच भी रुका, खिलाड़ी मैदान से बाहर निकले
भूकंप के झटके क्रिकेट मैदान तक पहुंचे। बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच खेले जा रहे इंटरनेशनल मैच को झटकों के बाद कुछ देर के लिए रोक दिया गया। जैसे ही कंपन महसूस हुए, खिलाड़ी और अंपायर मैदान से बाहर आ गए। कुछ मिनट बाद स्थिति सामान्य होने के बाद मैच दोबारा शुरू किया गया, लेकिन दर्शकों में डर का माहौल लंबे समय तक बना रहा।
कोलकाता और पूर्वोत्तर भारत में भी महसूस हुए झटके
भूकंप का असर भारत के पूर्वी राज्यों तक भी पहुंचा। शुक्रवार सुबह करीब 10:10 बजे कोलकाता में झटके महसूस किए गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कंपन लगभग 20 सेकेंड तक रहा। लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए। रिक्टर स्केल पर इन झटकों की तीव्रता 5.2 मापी गई। हालांकि, अभी तक किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं आई है।
कूचबिहार, दक्षिण दिनाजपुर, मालदा और नादिया जिले के कई इलाकों में भी कंपन महसूस किया गया। प्रशासन ने कहा कि अभी स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन सभी महत्वपूर्ण भवनों की सुरक्षा जांच की जाएगी।
1762 का विनाशकारी भूकंप फिर याद आया
इस घटना ने बांग्लादेश के इतिहास के सबसे खतरनाक भूकंप की याद भी ताजा कर दी। वर्ष 1762 में आया ‘ग्रेट अराकान अर्थक्वेक’ 8.5 तीव्रता का था, जिसने चटगांव शहर को सुनामी के साथ तबाह कर दिया था। कई इलाके समुद्र में समा गए थे और हजारों लोग मारे गए थे। उस समय ईस्ट इंडिया कंपनी ने अपने दस्तावेजों में लिखा था कि चटगांव रातों-रात गायब हो गया।
फिलहाल राहत-बचाव जारी, सरकार अलर्ट पर
बांग्लादेश की आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। ढाका, गाजीपुर और आसपास के जिलों में सुरक्षा टीमें तैनात हैं। सभी अस्पतालों में इमरजेंसी जारी कर दी गई है। सरकार ने कहा है कि नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है और घायलों के इलाज के लिए सभी जरूरी व्यवस्था की जा रही है।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







