
दिल्ली में शुक्रवार को कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी (CPP) की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने जवाहर भवन में नेहरू सेंटर इंडिया के लॉन्च कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर हो रही लगातार आलोचना को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। सोनिया ने कहा कि आज की सत्ता नेहरू को न सिर्फ इतिहास से मिटाने की कोशिश कर रही है, बल्कि उनके उन सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक आधारों को भी कमजोर करने में लगी है, जिन पर आधुनिक भारत की नींव रखी गई थी। उनके भाषण के तुरंत बाद बीजेपी ने भी जोरदार जवाब दिया और दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी और तेज हो गई।
सोनिया गांधी बोलीं— संगठित तरीके से नेहरू को कमजोर दिखाने की कोशिश
सोनिया गांधी ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू जैसे बड़े व्यक्तित्व के कामों की समीक्षा और आलोचना होना स्वाभाविक है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में जिस तरीके से नेहरू की विरासत को छोटा दिखाने के प्रयास किए जा रहे हैं, वह स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह काम एक सोची-समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है, जिसमें उनके जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं को तोड़ा-मरोड़ा जा रहा है और उनकी नीतियों को गलत रूप में पेश किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सिर्फ नेहरू के योगदान को नज़रअंदाज़ ही नहीं किया जा रहा, बल्कि उन ताकतों के द्वारा बदनाम करने की अभियान चलाया जा रहा है, जिनका स्वतंत्रता आंदोलन या संविधान निर्माण में कोई योगदान ही नहीं था। सोनिया ने कहा कि यही विचारधारा वह है, जिसने कभी संविधान की प्रतियां जलाने तक के काम किए थे और जिसने समाज में ऐसे वातावरण को जन्म दिया जिसके कारण महात्मा गांधी की हत्या हुई।
उन्होंने कहा कि आज भी इस विचारधारा को मानने वाले लोग गांधी के हत्यारों का महिमामंडन करते हैं। सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि अब इन ताकतों द्वारा इतिहास को दोबारा लिखने और नेहरू के बहुआयामी योगदान को एकतरफा तरीके से मिटाने की कोशिश हो रही है।
बीजेपी का पलटवार: अनुच्छेद 370 और कश्मीर मुद्दे पर नेहरू जिम्मेदार
सोनिया गांधी के बयान के कुछ घंटे बाद ही बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और उन पर सीधा हमला बोला। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि नेहरू की गलतियों की वजह से देश दशकों तक परेशान रहा और कांग्रेस अब भी इन गलतियों को छिपाना चाहती है।
भाटिया ने कहा कि कश्मीर में अनुच्छेद 370 नेहरू लाए थे, लेकिन वे इसे कभी संशोधित नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की सरकार ने वही किया, जो नेहरू को करना चाहिए था। भाटिया ने सवाल किया कि अगर सोनिया गांधी नेहरू की लेगेसी की बात करती हैं, तो क्या यह वही लेगेसी है जिसने कश्मीर को विशेष दर्जा देकर देश को विभाजित रखा?
उन्होंने आगे कहा कि नेहरू ने UN सिक्योरिटी काउंसिल में भारत की सीट चीन को थमा दी और “हिंदी-चीनी भाई-भाई” का नारा देकर देश को रणनीतिक नुकसान पहुँचाया। बीजेपी नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं में जिम्मेदारी उठाने की परंपरा खत्म हो चुकी है।
राहुल गांधी पर भी निशाना: ‘भारतीय राजनीति के भस्मासुर’
गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारतीय राजनीति के “भस्मासुर” बन गए हैं, जो जिसे साथ लेते हैं, उसे नुकसान पहुंचाते हैं। भाटिया ने कहा कि राहुल न तो संसद में बुलाने पर पहुंचते हैं और न ही राष्ट्रीय कार्यक्रमों में शामिल होते हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की अपरिपक्व राजनीति के कारण कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव), NCP, AAP और RJD जैसी पार्टियों को नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के पास न मुद्दे हैं और न ही देशहित की समझ।
भारत-रूस संबंधों पर भी टिप्पणी, “देश की उपलब्धि पर ही एक मंडली दुखी होती है”
भाटिया ने कहा कि भारत के वैश्विक प्रभाव को पूरी दुनिया मानती है, लेकिन देश के भीतर ही एक राजनीतिक मंडली ऐसी है जो भारत की सफलता पर दुख जताती है। उन्होंने कहा कि भारत-रूस संबंधों की मजबूती विश्व मंच पर भारत की प्रभावशाली स्थिति का उदाहरण है, लेकिन विपक्ष इस पर भी नकारात्मक बयान दे रहा है।
PM मोदी की हालिया टिप्पणियाँ— नेहरू पर बढ़ी राजनीतिक बहस
बीते कुछ महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नेहरू की नीतियों की आलोचना कई बार चर्चा में रही है।
31 अक्टूबर 2025 को सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर PM मोदी ने कहा था कि नेहरू ने कश्मीर को अलग संविधान देकर सरदार पटेल को पूरा कश्मीर भारत में शामिल करने से रोका।
29 जुलाई 2025 को लोकसभा में दिए 102 मिनट के भाषण में उन्होंने नेहरू के पाकिस्तान जल समझौते पर सवाल उठाए थे और कहा था कि भारत की नदियों का 80% पानी पाकिस्तान को देने का निर्णय नेहरू की बड़ी भूल थी।
सोनिया गांधी और बीजेपी के इस तीखे राजनीतिक टकराव ने एक बार फिर नेहरू की विरासत, इतिहास की व्याख्या और भारत की स्वतंत्रता के बाद की नीतियों को राष्ट्रीय बहस का केंद्र बना दिया है।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







