
दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 24 वर्षीय विवाहित युवक विजय बांधे ने अपनी 30 वर्षीय प्रेमिका उर्मिला निषाद की बेरहमी से हत्या कर दी। रिश्ते में बढ़ते तनाव, पैसों के विवाद और शादी के दबाव से परेशान होकर आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद आरोपी ने पहचान मिटाने के लिए शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है।
मोमोज खिलाने के बहाने सुनसान जगह ले गया, फिर चापर से किया हमला
7 दिसंबर की शाम आरोपी विजय बांधे सुपेला के गौतम नगर स्थित उर्मिला के घर पहुंचा। उसने उर्मिला से कहा कि पाटन में शादी की पार्टी का काम है, जहां जाने के लिए उसका साथ जरूरी है। रास्ते में उसने मोमोज और चाइनीज पकौड़ा पैक कराया और उसे पुरई स्थित सुनसान नहर के पास बने मैदान में ले गया।
जैसे ही दोनों बैठकर खाना खाने लगे, विजय ने मौका देखते ही धारदार चापर से उर्मिला के गले पर वार किया। उर्मिला गिरते ही तड़पने लगी, तब आरोपी ने कई और वार किए। जब उसकी मौत हो गई, तो विजय ने पेट्रोल डालकर शव को आग के हवाले कर दिया। शव पूरी तरह न जले, इसके लिए उसने आसपास से पैरा इकट्ठा कर लाश पर डाल दिया।
2–3 साल से चल रहा था अफेयर, प्रेमिका के दबाव से परेशान था आरोपी
पुलिस जांच में पता चला है कि विजय और उर्मिला 2 से 3 साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों ही केटरिंग के काम से जुड़े थे, जहां उनकी नजदीकियां बढ़ीं। मगर रिश्ते के बढ़ने के साथ ही विवाद भी शुरू हो गए।
उर्मिला लगातार विजय पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि विजय पहले से शादीशुदा और पत्नी गर्भवती थी। इसके अलावा, विजय उर्मिला के पैसे भी ले लेता था, जिसे लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। उर्मिला कई बार सार्वजनिक रूप से उसे बेइज्जत कर देती थी, जिससे विजय मानसिक रूप से परेशान था।
इन्हीं परिस्थितियों ने आरोपी को हत्या की प्लानिंग करने के लिए प्रेरित किया। पिछले 15 दिनों से वह इस वारदात की तैयारी में था। उसने सुपेला से चापर खरीदा और उमरपोटी के पेट्रोल पंप से बोतल में पेट्रोल भरा। इसके बाद मौका पाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद आरोपी गांव भागा, फिर डर से खुद दर्ज करवाने गया गुमशुदगी
वारदात के बाद विजय अपनी बाइक से सीधे करगाडीह गांव गया और वहीं रुका रहा। वह लगातार गांव वालों से जानकारी इकट्ठा करता रहा कि शव मिलने की खबर बाहर फैली है या नहीं।
अगले दिन यानी 9 दिसंबर को वह वापस सुपेला लौटा और खुद ही थाने पहुंचकर उर्मिला की गुमशुदगी दर्ज करवाने लगा। आरोपी का उद्देश्य था कि वह खुद को निर्दोष साबित कर सके और पुलिस की नजर से बच जाए।
लेकिन उसके बताए गए हुलिए और घटनाक्रम में कई विरोधाभास मिले, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ। जब पूछताछ शुरू हुई, तो विजय टूट गया और पूरी हत्या की कहानी स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके खून से सने कपड़े और हत्या में इस्तेमाल चापर भी बरामद कर लिया है।
खेल मैदान के पास मिला था अधजला शव
8 दिसंबर की सुबह पुरई गांव के कोटवार केवलदास मानिकपुरी ने नहर के पास खेल मैदान में महिला का अधजला शव देखने पर पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची उतई थाना पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया और जांच शुरू की।
SSP विजय अग्रवाल के निर्देश पर 6 पुलिस टीम बनाई गईं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और गुमशुदगी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तेजी से जांच की। इसी दौरान विजय खुद प्रार्थी बनकर थाने आया, जिससे पुलिस को शक और गहरा हो गया।
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में उसने हत्या करना कबूल कर लिया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या हत्या की योजना में किसी और की भूमिका रही थी।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







