मौत के बाद महिला को किया रेफर, कर्मचारी शव छोड़कर भागे: दुर्ग में निजी अस्पताल के डॉक्टर-प्रबंधक पर FIR, लापरवाही का गंभीर आरोप

SHARE:

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से इलाज में गंभीर लापरवाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धमधा थाना क्षेत्र में संचालित श्रेया हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक सेंटर के डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधक पर महिला मरीज की मौत के बाद उसे बिना परिजनों की अनुमति के रेफर करने और शव छोड़कर भागने का आरोप लगा है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर और प्रबंधक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) और 3(5) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है।

आंगन में गिरने से टूटी थी पैर की हड्डी

एफआईआर के अनुसार ग्राम अछोली निवासी चिरंज वर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी मां पदमा बाई वर्मा (उम्र 55 वर्ष) 10 अक्टूबर की रात घर के आंगन में गिर गई थीं। गिरने से उन्हें पैर में तेज दर्द हुआ और वे चलने में असमर्थ हो गईं। अगले दिन 11 अक्टूबर को शाम करीब 4 बजे उन्हें श्रेया हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक सेंटर, धमधा में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टर ने पैर की हड्डी टूटने की बात कहते हुए ऑपरेशन की सलाह दी, जिस पर परिजनों ने सहमति दी।

ऑपरेशन के बाद भी नहीं सुधरी हालत

12 अक्टूबर को महिला का ऑपरेशन किया गया, लेकिन इसके बाद भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। परिजनों का आरोप है कि जब महिला ने खाना-पीना छोड़ दिया और लगातार कमजोरी बनी रही, तो डॉक्टरों से सवाल किया गया। इस पर इसे ऑपरेशन के बाद की सामान्य स्थिति बताया गया। 14 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक महिला की सांस तेज चलने लगी। सूचना देने पर अस्पताल के दो डॉक्टर कमरे में आए और कुछ देर इलाज किया।

मौत के बावजूद रेफर करने का आरोप

परिजनों के मुताबिक कुछ ही समय बाद महिला को व्हीलचेयर पर कमरे से बाहर लाया गया और बताया गया कि उसकी हालत गंभीर है, इसलिए उसे दूसरे अस्पताल ले जाना पड़ेगा। परिजनों का आरोप है कि उस वक्त महिला की आंखें और मुंह खुले थे और सांस नहीं चल रही थी। उन्होंने साफ कहा कि उनकी मां की मौत हो चुकी है और वे उसे कहीं और नहीं ले जाना चाहते। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने बिना परिजनों की सहमति के अधूरे उपकरणों वाली एंबुलेंस में दो कर्मचारियों के साथ महिला को भिलाई स्थित शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

शव छोड़कर भागे कर्मचारी

शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज की कैजुअल्टी में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद श्रेया अस्पताल के दोनों कर्मचारी वहां से भाग गए। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। महिला की पहचान नहीं होने पर शव को अज्ञात मृतिका मानते हुए मॉर्च्युरी में रख दिया गया। करीब एक घंटे बाद परिजनों को सूचना मिली कि महिला को शंकराचार्य अस्पताल लाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया है।

लावारिस बताकर रख दिया गया शव

परिजनों का आरोप है कि महिला को अज्ञात बताकर मॉर्च्युरी में रखने से उन्हें शव पाने के लिए पुलिस कार्रवाई और पोस्टमॉर्टम की पूरी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। इससे परिवार को मानसिक और सामाजिक पीड़ा झेलनी पड़ी। बाद में औपचारिक पहचान के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

जांच में लापरवाही की पुष्टि

इस पूरे मामले की शिकायत परिजनों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, दुर्ग से भी की थी। जांच में डॉक्टर अभिषेक पाण्डेय और अस्पताल प्रबंधक मनीष राजपूत की गंभीर लापरवाही सामने आई। रिपोर्ट के आधार पर ढाई महीने की जांच के बाद धमधा पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज किया।

पुलिस का बयान

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि मरीज को रेफर करने की प्रक्रिया में निर्धारित मेडिकल प्रोटोकॉल का पालन किया गया या नहीं, एंबुलेंस में आवश्यक उपकरण मौजूद थे या नहीं और मौत के बाद सूचना देने में जानबूझकर देरी तो नहीं की गई। पुलिस के अनुसार, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर निजी अस्पतालों में इलाज, जवाबदेही और मरीजों के अधिकारों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते सही इलाज और पारदर्शिता बरती जाती, तो हालात इतने अमानवीय नहीं होते। फिलहाल, पुलिस कार्रवाई के बाद यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई