
आईपीएल 2026 से पहले बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर सियासी और सामाजिक विवाद तेज हो गया है। सवाल यह है कि क्या मौजूदा हालात में बांग्लादेशी खिलाड़ी भारत में आईपीएल खेल सकते हैं या नहीं। इस पर केंद्र सरकार ने साफ रुख अपनाते हुए कहा है कि भारत की खेल नीति में बांग्लादेशी खिलाड़ियों के आईपीएल खेलने पर किसी तरह की कोई रोक नहीं है। खेल मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला पूरी तरह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI के अधिकार क्षेत्र में आता है।
सरकारी सूत्रों ने स्पष्ट किया कि भारत की स्पोर्ट्स पॉलिसी में सिर्फ पाकिस्तान की टीम और उसके खिलाड़ियों पर प्रतिबंध है। बांग्लादेश के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज या उसके खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने पर कोई आधिकारिक रोक नहीं लगाई गई है। ऐसे में मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल 2026 में खेलेंगे या नहीं, इस पर अंतिम फैसला BCCI ही लेगा, न कि केंद्र सरकार।
इसी मुद्दे पर BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत में कहा कि बोर्ड को अब तक सरकार की ओर से ऐसा कोई निर्देश नहीं मिला है, जिसमें बांग्लादेशी खिलाड़ियों को आईपीएल से बाहर रखने को कहा गया हो। अधिकारी ने कहा कि “यह फैसला हमारे हाथ में नहीं है। जब तक कोई आधिकारिक आदेश नहीं आता, तब तक हम ज्यादा कुछ नहीं कह सकते।”
दरअसल, यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हिंसा की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। बीते 13 दिनों में वहां तीन हिंदुओं की हत्या की खबरों के बाद भारत में कई राजनीतिक और धार्मिक संगठनों ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने का विरोध शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मुस्तफिजुर रहमान को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
विवाद की एक बड़ी वजह यह भी है कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 के लिए 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा है। यह सौदा पिछले महीने अबूधाबी में हुए आईपीएल मिनी ऑक्शन में हुआ था। इसके साथ ही मुस्तफिजुर आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी बन गए हैं। KKR के मालिक शाहरुख खान हैं, जिस वजह से मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है।
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने शाहरुख खान से अपील की है कि वे मुस्तफिजुर को अपनी टीम से बाहर करें। उनका कहना है कि जब देश का बड़ा वर्ग बांग्लादेश में हो रही घटनाओं को लेकर नाराज है, तब वहां के खिलाड़ी को आईपीएल में मौका देना गलत संदेश देता है। वहीं शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने भी बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भारतीय धरती पर खेलने की अनुमति न देने की मांग की है।
इससे भी कड़ा बयान कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की ओर से आया है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे अत्याचारों के बीच किसी बांग्लादेशी क्रिकेटर को टीम में शामिल करना असंवेदनशीलता दिखाता है। उन्होंने KKR प्रबंधन से माफी की मांग करते हुए कहा कि मुस्तफिजुर को दिए जाने वाले 9.2 करोड़ रुपये पीड़ित हिंदू परिवारों को दिए जाने चाहिए।
भाजपा नेता संगीत सोम ने भी इस मुद्दे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तानी खिलाड़ी भारत में नहीं खेल सकते, तो बांग्लादेशी खिलाड़ी को खेलने की अनुमति कैसे दी जा सकती है। उन्होंने शाहरुख खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे फैसले देशभावना के खिलाफ हैं। हालांकि, इन बयानों पर अभी तक KKR या शाहरुख खान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
खेल के नजरिए से देखें तो मुस्तफिजुर रहमान बाएं हाथ के अनुभवी तेज गेंदबाज हैं और अपनी स्लोअर गेंदों व कटर्स के लिए दुनियाभर में जाने जाते हैं। उन्होंने 2015 में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धमाकेदार एंट्री की थी। आईपीएल 2025 में उन्होंने दिल्ली की ओर से 3 मैच खेले थे और 4 विकेट झटके थे। उन्हें उस सीजन 6 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया गया था।
इस पूरे विवाद के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने यह भी पुष्टि की है कि भारतीय क्रिकेट टीम सितंबर में बांग्लादेश दौरे पर जाएगी, जहां 3 वनडे और 3 टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इससे साफ है कि क्रिकेटिंग रिश्तों पर फिलहाल कोई आधिकारिक रोक नहीं है। अब देखना यह होगा कि बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच BCCI आईपीएल 2026 में मुस्तफिजुर रहमान को लेकर क्या अंतिम फैसला लेता है।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







