
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें जिला परिवहन अधिकारी (DTO) के ही घर से करीब 5 करोड़ रुपए की चोरी कर ली गई। इस वारदात की मास्टरमाइंड कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि अफसर की अपनी भतीजी मीनल निकुंज निकली। मीनल ने अपने बॉयफ्रेंड और उसके साथियों के साथ मिलकर घर में रखे 15 लाख रुपए नकद और करीब 4 किलो सोना चुरा लिया। चोरी के पैसों से रायपुर और भिलाई में लग्जरी लाइफ जी गई, आईफोन खरीदा गया और महंगी कार तक ले ली गई।
पुराने पैतृक घर से हुई बड़ी चोरी
मामले का खुलासा 6 दिसंबर 2025 को हुआ, जब DTO विजय कुमार की पत्नी सुषमा निकुंज ने नारायणपुर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका पैतृक घर जशपुर के केराडीह गांव में है, जहां लंबे समय से कोई नहीं रह रहा था। परिवार वर्तमान में जशपुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के शासकीय क्वार्टर में रहता है। जब सुषमा निकुंज पुराने घर पहुंचीं, तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर कमरे का कुंडा टूटा हुआ था। दीवान में रखी अटैची से नकदी और सोने के जेवरात गायब थे, जिनकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी गई।
भतीजी पर गया शक, FIR के बाद फरारी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कुछ समय पहले ही DTO की भतीजी मीनल निकुंज उस घर में सफाई के लिए आई थी। मीनल 2024 से जशपुर में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी और घर के भीतर उसे पूरी आवाजाही की जानकारी थी। चोरी की FIR दर्ज होते ही मीनल अचानक अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान के साथ लापता हो गई। इसी से पुलिस का शक और गहरा गया।
रांची के होटल से गिरफ्तारी
पुलिस ने लगातार छापेमारी शुरू की और तकनीकी इनपुट के आधार पर पता चला कि मीनल और अनिल झारखंड की राजधानी रांची के एक होटल में रुके हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में मीनल ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
आईफोन की चाहत से शुरू हुआ अपराध
पूछताछ में मीनल ने बताया कि उसकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए अनिल प्रधान से हुई थी, जो जशपुर में एक निजी फाइनेंस कंपनी में काम करता था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वह ऐशो-आराम भरी जिंदगी जीना चाहती थी। अप्रैल 2025 में जब वह केराडीह गांव गई, तो सफाई के दौरान उसे कमरे में दीवान के अंदर रखी एक अटैची मिली, जिसमें भारी मात्रा में नकदी थी। यहीं से अपराध की शुरुआत हुई। सबसे पहले उसने आईफोन खरीदने के लिए चुपचाप 2 लाख रुपए निकाल लिए।
लालच बढ़ा, उठाया पूरा सूटकेस
जब पहली चोरी का किसी को पता नहीं चला, तो मीनल का हौसला बढ़ता चला गया। कुछ समय बाद उसने बर्थडे पार्टी के लिए 3 लाख रुपए और निकाल लिए। आखिरकार 20 मई 2025 को उसने हद पार कर दी। मीनल ने घर की चाबी चुराई और पूरा सूटकेस स्कूटी से आधे रास्ते तक ले गई, जहां अनिल प्रधान और उसके साथी कार में इंतजार कर रहे थे। सूटकेस में 15 लाख रुपए नकद, 1-1 किलो की दो सोने की सिल्लियां और करीब 100 से 150 ग्राम के 15 सोने के बिस्किट थे।
रायपुर में अय्याशी, सोना बेचने ओडिशा पहुंचे
चोरी के अगले दिन मीनल का जन्मदिन था। इसी पैसे से सभी आरोपी रायपुर पहुंचे और एक विला बुक कर दो दिन तक जमकर पार्टी की। इस दौरान करीब 5 लाख रुपए खर्च कर दिए गए। इसके बाद आरोपी सोने के बिस्किट बेचने ओडिशा के राउरकेला पहुंचे, जहां चार बिस्किट बेचकर करीब 8 लाख रुपए हासिल किए। इसी रकम से लग्जरी सामान और करीब 25 लाख रुपए की हैरियर कार खरीदी गई।
बाकी सोना चोरी, आखिरकार पकड़ में आए आरोपी
मीनल ने बताया कि राउरकेला से लौटने के बाद बाकी करीब साढ़े तीन किलो सोना जशपुर के एक किराए के मकान में सूटकेस में रखा गया था, जो बाद में चोरी हो गया। इसी बीच परिवार को पूरे मामले की जानकारी लग गई और पुलिस का दबाव बढ़ा, जिसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए। हालांकि पुलिस की सतर्कता से आखिरकार मीनल और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी हुए बाकी सोने का क्या हुआ।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







