ICC का सख्त रुख: बांग्लादेश के सभी वर्ल्ड कप मैच भारत में ही होंगे, शेड्यूल बदलने से इनकार

SHARE:

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 2026 टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को स्पष्ट संदेश दिया है कि टूर्नामेंट के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा और बांग्लादेश को अपने सभी मुकाबले भारत में ही खेलने होंगे। ICC ने बांग्लादेश को अपनी आपत्ति पर अंतिम फैसला लेने के लिए एक दिन का अतिरिक्त समय दिया है। अगर BCB भारत में खेलने से इनकार करता है, तो बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को वर्ल्ड कप में शामिल किया जा सकता है।

क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, ICC बोर्ड की बैठक में इस मुद्दे पर वोटिंग हुई, जिसमें 16 में से 14 सदस्य देशों ने बांग्लादेश के खिलाफ मतदान किया। केवल पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन किया। अब 22 जनवरी को यह तय होगा कि बांग्लादेश वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगा या नहीं।

ICC बैठक में कड़ा फैसला

बुधवार को हुई ICC की बैठक में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधियों के साथ यह मुद्दा विस्तार से चर्चा में रहा। ICC ने साफ शब्दों में कहा कि अगर बांग्लादेश निर्धारित शेड्यूल के अनुसार भारत में खेलने के लिए तैयार नहीं होता है, तो उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दूसरी टीम को मौका दिया जाएगा। बैठक में मौजूद अधिकांश सदस्य देशों ने ICC के इस फैसले का समर्थन किया। इसके बाद BCB को अंतिम विचार के लिए 24 घंटे का समय दिया गया।

ICC ने यह भी बताया कि उसके द्वारा कराए गए सिक्योरिटी असेसमेंट में यह निष्कर्ष निकला है कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों, टीम ऑफिशियल्स, मीडिया कर्मियों और फैंस को भारत में कोई सुरक्षा खतरा नहीं है। इसी आधार पर ICC ने वेन्यू बदलने की बांग्लादेश की मांग को खारिज कर दिया।

बांग्लादेश नहीं खेला तो स्कॉटलैंड को मौका

अगर बांग्लादेश वर्ल्ड कप से हटता है, तो उसकी जगह स्कॉटलैंड की टीम को शामिल किया जाएगा। स्कॉटलैंड ने यूरोपियन क्वालिफायर में नीदरलैंड और इटली के बाद तीसरा स्थान हासिल किया था। ऐसे में स्कॉटलैंड को ग्रुप-सी में शामिल किया जाएगा और वह बांग्लादेश के तय सभी मुकाबले खेलेगा। ICC के मुताबिक, यह प्रक्रिया पहले से तय नियमों के अनुसार होगी।

7 फरवरी से शुरू होगा टी-20 वर्ल्ड कप

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में होनी है। मौजूदा शेड्यूल के अनुसार बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया है। टीम के तीन ग्रुप मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होने हैं, जबकि आखिरी ग्रुप मुकाबला मुंबई में खेला जाना है। ICC ने दो टूक कहा है कि ग्रुप या वेन्यू में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा।

बांग्लादेशी कप्तान का बयान

इस पूरे विवाद के बीच बांग्लादेश के टी-20 कप्तान लिटन दास ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने BPL मैच के बाद कहा कि वर्ल्ड कप अभी काफी दूर है और टीम को खुद नहीं पता कि वह टूर्नामेंट में खेलेगी भी या नहीं। लिटन दास के मुताबिक, इस मुद्दे को लेकर पूरे देश में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

श्रीलंका में मैच कराने की मांग

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड सुरक्षा कारणों का हवाला देकर अपने सभी वर्ल्ड कप मैच भारत की बजाय श्रीलंका में कराना चाहता है। इसी मांग को लेकर BCB ने ICC को कई बार पत्र लिखा है। 17 जनवरी को ICC और BCB के बीच हुई बैठक में भी बांग्लादेश ने स्पष्ट किया था कि वह वर्ल्ड कप खेलना चाहता है, लेकिन भारत के बाहर। हालांकि ICC अपने फैसले पर कायम रहा और शेड्यूल बदलने से इनकार कर दिया।

BCB ने ग्रुप बदलने की भी मांग रखी थी। उसका कहना था कि अगर बांग्लादेश को ग्रुप-बी में शामिल किया जाए, तो टीम अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेल सकती है। ICC ने यह मांग भी खारिज कर दी और कहा कि ग्रुपिंग और शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

सरकारी स्तर पर भी विरोध

बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा है कि अगर ICC भारतीय बोर्ड के दबाव में आकर बांग्लादेश पर अनुचित शर्तें थोपने की कोशिश करता है, तो उन्हें स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि बांग्लादेश भारत में खेलने के पक्ष में नहीं है।

मुस्तफिजुर रहमान विवाद से बढ़ा तनाव

इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि में IPL 2026 से जुड़े घटनाक्रम को भी अहम माना जा रहा है। बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या की घटनाओं के बाद BCCI ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL खेलने की अनुमति नहीं दी थी। 3 जनवरी को कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें टीम से रिलीज कर दिया था। इससे नाराज बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में IPL मैचों के प्रसारण पर रोक लगा दी और इसके बाद सुरक्षा का हवाला देकर वर्ल्ड कप मैच भारत से बाहर कराने की मांग तेज हो गई।

अब ICC के सख्त रुख के बाद बांग्लादेश के सामने साफ विकल्प हैया तो तय शेड्यूल के मुताबिक भारत में खेले, या फिर वर्ल्ड कप से बाहर होने का जोखिम उठाए।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई