छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सामने आए करोड़ों के धान घोटाले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धान खरीदी केंद्र से 6.55 करोड़ रुपए से ज्यादा के धान की हेराफेरी के मुख्य आरोपी और फरार समिति प्रबंधक जयप्रकाश साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोरबा जिले से पकड़ा गया है। यह पूरा मामला तुमला थाना क्षेत्र के कोनपारा धान उपार्जन केंद्र से जुड़ा है, जहां खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान बड़े पैमाने पर धान गायब होने का खुलासा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, जयप्रकाश साहू इस पूरे घोटाले का मास्टरमाइंड है। FIR दर्ज होने के बाद वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। पहले वह मध्यप्रदेश के दमोह जिले में छिपा रहा, इसके बाद छत्तीसगढ़ लौटकर कोरबा के विकास नगर कुसमुंडा इलाके में छुप गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बार-बार मोबाइल सिम बदल रहा था और केवल भरोसेमंद परिचितों के संपर्क में था। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
इस मामले में इससे पहले 6 जनवरी 2026 को फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव को गिरफ्तार किया जा चुका है। जयप्रकाश साहू की गिरफ्तारी के बाद अब भी चार आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
कैसे सामने आया घोटाला
यह मामला 2 जनवरी को सामने आया था, जब छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) जशपुर के नोडल अधिकारी राम कुमार यादव (61) ने तुमला थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कोनपारा धान खरीदी उपकेंद्र में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी मिलीभगत से बड़े पैमाने पर धान की हेराफेरी की है।
जांच के दौरान कंप्यूटर रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक का मिलान किया गया। इसमें चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। रिकॉर्ड के अनुसार केंद्र में कुल 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दिखाई गई थी, जबकि मिलों और संग्रहण केंद्रों को केवल 1,40,663.12 क्विंटल धान ही भेजा गया। इस तरह कुल 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई।
6.55 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान
गायब धान की कीमत 3,100 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य के आधार पर करीब 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा धान की पैकिंग में इस्तेमाल किए गए 4,898 बारदाने (नए और पुराने) की कीमत करीब 17 लाख 7 हजार 651 रुपए बताई गई है। इस तरह शासन को कुल 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपए के आर्थिक नुकसान का अनुमान है।
6 अधिकारियों-कर्मचारियों पर केस दर्ज
अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर समिति स्तर पर पदस्थ 6 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 320, 336, 338 और 61 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों में प्राधिकृत अधिकारी भुनेश्वर यादव, समिति प्रबंधक जयप्रकाश साहू, फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र साय, सहायक फड़ प्रभारी अविनाश अवस्थी और उप सहायक फड़ प्रभारी चंद्र कुमार यादव शामिल हैं।
राज्यभर में धान नुकसान पर सियासी घमासान
जशपुर का यह मामला अकेला नहीं है। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में धान खराब होने या गायब होने के मामलों में अब तक 26 करोड़ रुपए से ज्यादा के नुकसान की बात सामने आ चुकी है। कवर्धा जिले में चूहे, दीमक और बारिश से करीब 7 करोड़ का धान खराब होने का दावा किया गया है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 20 हजार क्विंटल धान खराब होने से 6 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है, जबकि महासमुंद जिले के पांच संग्रहण केंद्रों में करीब साढ़े 5 करोड़ का धान सूखने की जानकारी सामने आई है।
इन मामलों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। PCC चीफ दीपक बैज ने बस्तर में 1.46 लाख क्विंटल धान खराब होने का आरोप लगाया, जबकि भाजपा नेताओं ने इसे पिछली सरकार के कार्यकाल से जोड़ते हुए पलटवार किया है।
जांच जारी, और गिरफ्तारी संभव
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जयप्रकाश साहू से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं और घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। प्रशासन का दावा है कि धान खरीदी व्यवस्था में हुई इस बड़ी गड़बड़ी की परत–दर–परत जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







