महादेव ऐप की तर्ज पर सट्टे का नया नेटवर्क बेनकाब, रायपुर में कारों के भीतर चल रहा था ऑनलाइन जुआ; 95 लाख की नकदी-संपत्ति जब्त

SHARE:

टी-20 वर्ल्ड कप से पहले छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर पुलिस की क्राइम एंड साइबर यूनिट ने महादेव ऐप की तर्ज पर बनाए गए एक नए सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस नेटवर्क के जरिए प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लोगों को ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी ‘jmdbet777.com’ और ‘Classic777.com’ नाम के ऐप के जरिए 40 से अधिक ऑनलाइन गेम्स पर दांव लगवा रहे थे। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 95 लाख रुपए की नकदी और सामान जब्त किया है।

कार्रवाई 31 जनवरी को की गई, जब क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि रायपुर के थाना गंज क्षेत्र में नागोराव गली अंडर ब्रिज के पास कुछ लोग चारपहिया वाहनों के भीतर बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने मौके पर दबिश दी और तीन अलग-अलग कारों से छह लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद उनके मोबाइल फोन की जांच की गई।

मोबाइल की जांच में पुलिस को ऑनलाइन बैटिंग ऐप के जरिए सट्टा संचालन का पूरा सेटअप मिला। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ‘jmdbet777.com’ और ‘Classic777.com’ के माध्यम से लोगों को आईडी उपलब्ध कराकर सट्टा खिलाते थे। इसके बाद पुलिस ने दुर्ग निवासी रखब देव पाहुजा, रायपुर निवासी पीयूष जैन, जितेन्द्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू, कमल राघवानी, सचिन जैन और बिलासपुर निवासी दीपक अग्रवाल को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 37 लाख 50 हजार रुपए नकद, 10 मोबाइल फोन और तीन कारें जब्त की हैं। जब्त की गई नकदी और सामान की कुल कीमत करीब 95 लाख रुपए आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि यह नेटवर्क महज स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके तार प्रदेश के बाहर तक जुड़े हुए हैं।

पुलिस जांच में सट्टा सिंडिकेट के भीतर जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा सामने आया है। दुर्ग निवासी रवि सोनकर, रायपुर निवासी नितिन मोटवानी और नागपुर निवासी अंकित इस नेटवर्क के लिए आईडी प्रोवाइड करने का काम करते थे। वहीं, रखब देव पाहुजा और पीयूष जैन मास्टर आईडी होल्डर होने के साथ-साथ आईडी डिस्ट्रीब्यूटर की भूमिका निभा रहे थे। इसके अलावा जितेंद्र कृपलानी, सचिन जैन, कमल राघवानी और दीपक अग्रवाल स्थानीय स्तर पर आईडी डिस्ट्रीब्यूटर के तौर पर काम कर रहे थे, जो सीधे ग्राहकों से संपर्क में रहते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी जानबूझकर कारों के भीतर बैठकर सट्टा संचालित कर रहे थे, ताकि किसी स्थायी ठिकाने से बचा जा सके और पुलिस की नजर में न आएं। टी-20 वर्ल्ड कप से पहले इस तरह के नेटवर्क सक्रिय होने की सूचना मिलने पर क्राइम एंड साइबर यूनिट लगातार निगरानी कर रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई संभव हो पाई।

इस मामले में पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में उनके खातों में करोड़ों रुपए के लेन-देन के संकेत मिले हैं। इसके साथ ही बड़ी संख्या में म्यूल अकाउंट्स की जानकारी भी सामने आई है, जिनका इस्तेमाल सट्टे की रकम को इधर-उधर करने के लिए किया गया। इन खातों के वास्तविक मालिक कौन हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आईटी विभाग के अधिकारियों को भी जांच में शामिल किया जाएगा। फरार आरोपियों रवि सोनकर, नितिन मोटवानी और अंकित की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।

क्राइम एंड साइबर यूनिट के अनुसार, ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे अवैध ऐप्स और ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई