
भारतीय रियल एस्टेट बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पहले जहां परिवार ‘पहले बचत, फिर घर’ की सोच पर चलते थे, वहीं अब नौकरी लगते ही घर खरीदने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। होम लोन एग्रीगेशन और डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म ‘बेसिक होम लोन’ के सर्वे ‘घर का सपना कैसे पूरा करता है भारत’ के मुताबिक देश में बिकने वाले 74% घर 35 साल से कम उम्र के लोग खरीद रहे हैं। इनमें 32% खरीदार 25 साल से भी कम उम्र के हैं।
सर्वे के अनुसार घर खरीदने वालों की औसत उम्र पिछले छह वर्षों में 38 साल से घटकर 34 साल रह गई है। यह बदलाव खासकर मिलेनियल और जेन-ज़ी पीढ़ी के बीच स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है, जो करियर की शुरुआत में ही संपत्ति खरीदने को प्राथमिकता दे रही है।
डिजिटल प्रोसेसिंग ने बदला रुझान
सर्वे में सामने आया कि नई पीढ़ी के खरीदार डिजिटल प्लेटफॉर्म की तेज लोन प्रोसेसिंग से प्रभावित हैं। वे ऐसे बैंक या वित्तीय संस्थान को प्राथमिकता देते हैं, जो 24 से 48 घंटे के भीतर लोन आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सके। हालांकि, इसके साथ वे भरोसेमंद और कम से कम 50 साल पुरानी वित्तीय संस्था को ही प्राथमिकता देते हैं।
हाई इनकम वर्ग के खरीदार अपने घर के लिए सालाना आय का 50% तक ईएमआई के रूप में चुकाने को तैयार हैं। वहीं मध्यम आय वर्ग के लोग भी अपनी आमदनी का बड़ा हिस्सा गृह ऋण चुकाने में लगाने को तैयार दिखे।
सर्वे में 23 हजार लोगों की भागीदारी
यह सर्वे देशभर के अलग-अलग आयु वर्ग के 23 हजार लोगों पर किया गया। इनमें 31% प्रतिभागियों की सालाना आय 50 लाख रुपए से अधिक थी। इसके अलावा 29% प्रतिभागियों की आय 5 लाख रुपए तक, 20% की 5 से 10 लाख, 7% की 11 से 20 लाख, 4% की 21 से 35 लाख और 9% की 36 से 40 लाख रुपए के बीच थी। सर्वे में 91% पुरुष और 9% महिलाएं शामिल थीं।
हालांकि, महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। 2024 में शीर्ष शहरों में महिलाओं ने 1.29 लाख आवासीय लेनदेन किए, जो उन शहरों में हुए कुल सौदों का 14% हिस्सा था। विशेषज्ञों का मानना है कि वित्तीय स्वतंत्रता और संयुक्त होम लोन योजनाओं के चलते महिलाओं की भागीदारी और बढ़ेगी।
ब्याज दर और भरोसा सबसे अहम
सर्वे में शामिल मिलेनियल और जेन-ज़ी प्रतिभागियों में से 50% ने कहा कि होम लोन लेते समय ब्याज दर सबसे महत्वपूर्ण कारक है। ब्याज दर में मामूली बदलाव भी उनके निर्णय को प्रभावित करता है। इसके अलावा लोन अप्रूवल का समय भी अहम है।
60 वर्ष से अधिक आयु के 33% लोगों ने कहा कि वे अभी भी बैंक की शाखा में जाकर लोन प्रक्रिया पूरी करना पसंद करते हैं। वहीं युवा वर्ग पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया को प्राथमिकता दे रहा है।
पारदर्शिता भी एक बड़ा मुद्दा बनकर सामने आई है। सर्वे के मुताबिक 76% लोगों ने ज्यादा दस्तावेजों की मांग और छिपे हुए शुल्क को होम लोन प्रक्रिया की बड़ी समस्या बताया। ग्रामीण क्षेत्रों में 47% लोगों ने पेपरवर्क को बाधा बताया, जबकि मेट्रो शहरों में यह आंकड़ा 45% रहा।
आय के अनुसार ईएमआई देने की तैयारी
कम आय वर्ग के लोग भी घर खरीदने के लिए प्रतिबद्ध दिखे। 5 लाख रुपए तक सालाना आय वाले लोग अपनी आमदनी का 25% हिस्सा ईएमआई में देने को तैयार हैं। 11 से 40 लाख आय वर्ग के लोग 40% तक ईएमआई देने को तैयार पाए गए, जबकि इससे अधिक आय वाले लोग 50% तक की राशि ईएमआई में देने की इच्छा रखते हैं।
सर्वे में यह भी सामने आया कि 74% होम लोन ग्राहक 11 से 20 लाख रुपए के आय वर्ग से संबंधित थे, जो मध्यम वर्ग की बढ़ती आकांक्षाओं को दर्शाता है।
दोस्तों की सलाह का कम असर
दिलचस्प बात यह रही कि 21-24 वर्ष आयु वर्ग के केवल 9% लोग ही दोस्तों की सलाह पर होम लोन लेते हैं। इसके विपरीत 50-60 वर्ष आयु वर्ग के 14% लोग दोस्तों की राय को महत्व देते हैं। 60 वर्ष से अधिक आयु के 11% लोग भी घर खरीदने से पहले मित्रों से सलाह लेते हैं।
बदलती सोच, बदलता बाजार
विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती आय, डिजिटल लोन प्लेटफॉर्म, कर लाभ और संपत्ति को निवेश के रूप में देखने की सोच ने युवाओं को जल्दी घर खरीदने के लिए प्रेरित किया है। नौकरी लगते ही घर खरीदने का ट्रेंड भारतीय रियल एस्टेट बाजार में नई दिशा तय कर रहा है। आने वाले वर्षों में यह रुझान और मजबूत होने की संभावना है।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







