CGPSC राज्य सेवा परीक्षा कल: 238 पदों के लिए दो पालियों में एग्जाम, सख्त ड्रेस कोड और समय सीमा लागू

SHARE:

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को आयोजित की जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि सभी उम्मीदवार निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें। कुल 238 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित हो रही इस परीक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोग ने कहा है कि सुबह 8 बजे तक पहली पाली के अभ्यर्थियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी और निर्धारित समय के बाद मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। गेट बंद होने के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

दो पालियों में होगी परीक्षा, समय का रखें विशेष ध्यान

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी, जिसमें जनरल स्टडीज (पेपर-I) लिया जाएगा। दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें एप्टीट्यूड टेस्ट (पेपर-II) होगा। पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे तक केंद्र पहुंचना अनिवार्य है, जबकि दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:00 बजे तक उपस्थित होना होगा। पहली पाली में सुबह 9:45 बजे और दूसरी पाली में दोपहर 2:45 बजे मुख्य द्वार पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले गेट सील कर दिया जाएगा।

सख्त ड्रेस कोड लागू, हल्के रंग के कपड़े ही मान्य

आयोग ने इस बार सख्त ड्रेस कोड लागू किया है। केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित हैं। कार्गो या डिजाइनर कपड़ों की अनुमति नहीं है। सामान्य जींस और साधारण पैंट पहनी जा सकती है। जूते, मोटे सोल या हाई हील वाले फुटवियर प्रतिबंधित रहेंगे। केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर की अनुमति होगी।

महिला अभ्यर्थियों के लिए सलवार-कुर्ती (आधी बांह) और दुपट्टा मान्य है। साड़ी पहनने की स्थिति में आधी बांह का ब्लाउज अनिवार्य रहेगा। विवाहित महिलाएं केवल मंगलसूत्र और एक नोज पिन पहन सकती हैं। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण प्रतिबंधित है, हालांकि धार्मिक प्रतीक की अनुमति दी गई है।

वैध फोटो आईडी अनिवार्य, बिना पहचान पत्र नहीं मिलेगा प्रवेश

परीक्षा में प्रवेश के लिए मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। मान्य पहचान पत्रों में वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और आधार कार्ड या ई-आधार शामिल हैं। यदि प्रवेश पत्र और पहचान पत्र में नाम या सरनेम में अंतर पाया जाता है, तो नाम परिवर्तन से संबंधित मूल शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा। केवल CGPSC द्वारा जारी ऑनलाइन प्रवेश पत्र का प्रिंट आउट ही मान्य होगा। प्रवेश पत्र का अनुवाद स्वीकार नहीं किया जाएगा। फोटो या हस्ताक्षर अस्पष्ट होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राजपत्रित अधिकारी से प्रमाणित कराना होगा।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित, होगी सख्त जांच

मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, पेजर, किसी भी प्रकार की घड़ी (मैकेनिकल या डिजिटल), गॉगल्स या डिजिटल ग्लासेस पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। यदि कोई उपकरण चालू अवस्था में पाया गया तो अनुचित साधन का प्रकरण दर्ज किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच और मैन्युअल फ्रिस्किंग की जाएगी। परीक्षा केंद्रों में वीडियोग्राफी भी होगी और अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र दिखाते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग करानी होगी।

प्रमुख पदों पर भर्ती, नायब तहसीलदार के सर्वाधिक 51 पद

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न प्रशासनिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। सबसे अधिक 51 पद नायब तहसीलदार के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा 29 पद मुख्य नगर पालिका अधिकारी (कक्षा ‘ग’) और 28 पद राज्य पुलिस सेवा (उप पुलिस अधीक्षक) के लिए निर्धारित हैं। अन्य पदों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (कक्षा ‘ख’) के 18, अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी के 15, उप जिलाधिकारी के 14, राज्य कर निरीक्षक के 16, उप पंजीयक के 12, आबकारी उप-निरीक्षक के 11 तथा राज्य कर सहायक आयुक्त के 10 पद शामिल हैं।

एक दशक में पदों की संख्या में उतार-चढ़ाव

पिछले दस वर्षों में राज्य सेवा परीक्षा के पदों की संख्या में उतार-चढ़ाव देखा गया है। वर्ष 2015 में सर्वाधिक 352 पदों पर भर्ती हुई थी। कोविड काल में यह संख्या घटकर 171 से 175 के बीच पहुंच गई थी। वर्ष 2024 में 246 पदों के लिए अधिसूचना जारी हुई थी, जबकि इस वर्ष 238 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। पिछले कुछ वर्षों से पदों की संख्या लगभग 200 से 250 के बीच बनी हुई है, जो राज्य में प्रशासनिक सेवाओं की निरंतर आवश्यकता को दर्शाती है।

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र का पता एक दिन पहले सत्यापित कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो। देरी या केंद्र न मिलने से संबंधित किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई