
देश में रसोई गैस की सप्लाई को लेकर बनी अनिश्चितता का असर अब किचन अप्लायंसेज के बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। कई शहरों में LPG सिलेंडर की कमी की खबरों के बीच इंडक्शन कुकर की मांग अचानक कई गुना बढ़ गई है। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार के कारोबारियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन कुकर की बिक्री में लगभग 400 से 500 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है। स्थिति यह है कि कई दुकानों में इंडक्शन स्टोव का स्टॉक लगभग खत्म हो चुका है और कंपनियों के लिए इतनी बड़ी मांग को पूरा करना मुश्किल हो रहा है।
गैस सप्लाई को लेकर चिंता, लोग एहतियात के तौर पर खरीद रहे इंडक्शन
इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव और उससे जुड़ी वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर असर के कारण गैस सप्लाई को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। इसी वजह से कई परिवार वैकल्पिक कुकिंग साधनों की तलाश में इंडक्शन कुकर खरीद रहे हैं।
भोपाल समेत कई शहरों के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में इंडक्शन स्टोव खरीदने वालों की भीड़ देखने को मिल रही है। ग्राहकों का कहना है कि गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, इसलिए वे पहले से ही इंतजाम करना चाहते हैं।
भोपाल के बाजार में खरीदारी करने आई एक ग्राहक नुसरत बताती हैं कि उनका परिवार बड़ा है और गैस सिलेंडर की अनिश्चितता को देखते हुए उन्होंने एक साथ तीन इंडक्शन कुकर खरीद लिए हैं। उनके मुताबिक पिछले महीने जो इंडक्शन लगभग 2200 रुपये में मिल रहा था, उसकी कीमत अब करीब 3000 रुपये तक पहुंच गई है।
उनका कहना है कि रमजान का महीना चल रहा है और रोज इफ्तारी के लिए घर में खाना बनाना जरूरी होता है। इसके अलावा ईद की तैयारी भी करनी है, इसलिए उन्होंने एहतियात के तौर पर इंडक्शन खरीदना बेहतर समझा।
कई दुकानों में खत्म हो गया इंडक्शन का स्टॉक
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार के व्यापारियों का कहना है कि अचानक बढ़ी मांग के कारण कई दुकानों में इंडक्शन कुकर का स्टॉक खत्म हो गया है। जिन दुकानों में कुछ यूनिट बची हैं, वहां कीमतें भी पहले के मुकाबले ज्यादा हो गई हैं।
भोपाल के एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के मालिक श्याम बंसल बताते हैं कि आम तौर पर जो सामान एक सप्ताह या दस दिन में मंगाया जाता था, अब उसे लगभग हर दिन मंगवाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि खुद व्यापारियों को भी यह सामान पहले से ज्यादा कीमत पर खरीदना पड़ रहा है, इसलिए ग्राहकों को भी महंगा देना पड़ रहा है।
बाजार के जानकारों के अनुसार सामान्य तौर पर गर्मियों के मौसम में इंडक्शन कुकर की बिक्री कम हो जाती है और दुकानदार ज्यादा स्टॉक नहीं रखते। इस मौसम में ग्राहकों की मांग एयर कंडीशनर, कूलर, फ्रिज और पंखे जैसे उत्पादों की ओर अधिक होती है। लेकिन LPG सप्लाई को लेकर बनी अनिश्चितता ने बाजार का ट्रेंड ही बदल दिया है।
दूसरे किचन अप्लायंसेज की भी बढ़ी मांग
इंडक्शन कुकर के साथ-साथ अन्य इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों की मांग भी तेजी से बढ़ी है। एयर फ्रायर, ओटीजी और माइक्रोवेव जैसे अप्लायंसेज की बिक्री में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि कई ग्राहक गैस के विकल्प के तौर पर इन उपकरणों को खरीद रहे हैं। यहां तक कि कुछ चाय की दुकानों और छोटे फूड स्टॉल पर भी गैस की जगह इंडक्शन का इस्तेमाल शुरू हो गया है।
पांच दिन में ही महीने भर से ज्यादा बिक्री
इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार इंडक्शन कुकर की मांग में अचानक आई तेजी अभूतपूर्व है। उद्योग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी महीने में आमतौर पर करीब 1000 यूनिट की बिक्री होती है, तो इस बार केवल पांच दिनों में ही 8000 से 10000 यूनिट तक बिक चुकी हैं।
यानी सामान्य परिस्थितियों की तुलना में मांग लगभग आठ से दस गुना तक बढ़ गई है। कंपनियां फिलहाल अपने मौजूदा स्टॉक के आधार पर सप्लाई बनाए रखने की कोशिश कर रही हैं।
चीन से आता है ज्यादातर कच्चा माल
इंडक्शन कुकर के उत्पादन में इस्तेमाल होने वाला अधिकांश कच्चा माल चीन से आयात किया जाता है। इनमें हीट प्लेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट शामिल होते हैं। उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार अगर नई सप्लाई मंगाई जाती है तो उसे भारत पहुंचने में लगभग 45 दिन का समय लग सकता है।
इस वजह से कंपनियों के लिए अचानक बढ़ी मांग को पूरा करना चुनौती बन गया है। यदि मांग इसी तरह बनी रहती है तो कुछ समय के लिए बाजार में इंडक्शन कुकर की कमी भी हो सकती है।
हालात सामान्य होने पर घट सकती है मांग
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा स्थिति स्थायी नहीं है। जैसे ही LPG सिलेंडर की सप्लाई सामान्य होगी और लोगों की चिंता कम होगी, इंडक्शन कुकर की मांग भी धीरे-धीरे कम हो सकती है।
व्यापारियों का कहना है कि फिलहाल कई ग्राहक एयर कंडीशनर या कूलर खरीदने के लिए दुकानों पर आ रहे हैं, लेकिन गैस को लेकर बनी स्थिति के कारण वे पहले इंडक्शन कुकर खरीदना ज्यादा जरूरी समझ रहे हैं।
हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटनाक्रम ने यह जरूर दिखा दिया है कि भविष्य में रसोई गैस पर निर्भरता कम करने के लिए इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों की भूमिका और बढ़ सकती है।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







