
छत्तीसगढ़ बंद के दौरान राजधानी रायपुर के मैग्नेटो मॉल में हुई तोड़फोड़ की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि बजरंग दल से जुड़े 30 से 40 कार्यकर्ता लाठी-डंडे और हॉकी स्टिक लेकर मॉल के अंदर जबरन घुसे और वहां मौजूद कर्मचारियों व स्टाफ से धर्म और जाति पूछते हुए जमकर हंगामा किया। इस घटना के बाद मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी दहशत में आ गए।
मैग्नेटो मॉल की मार्केटिंग हेड आभा गुप्ता ने बताया कि बंद के मद्देनज़र मॉल पूरी तरह बंद रखा गया था और मॉल प्रबंधन ने बंद का समर्थन भी किया था। इसके बावजूद 50 से 100 लोगों की भीड़ जबरदस्ती अंदर घुस आई। उनके हाथों में लाठी, डंडे और हॉकी स्टिक थे। आरोप है कि ये लोग कर्मचारियों से ‘आप हिंदू हो या क्रिश्चियन’ और ‘आपकी जाति क्या है’ जैसे सवाल पूछ रहे थे। यहां तक कि आईडी कार्ड और बैज देखकर भी कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही थी।
पुलिस पहुंचने से पहले लाखों का नुकसान
मार्केटिंग हेड के मुताबिक, हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए थे। भीड़ का व्यवहार आक्रामक था और यह डर बना हुआ था कि कहीं किसी कर्मचारी के साथ गंभीर मारपीट न हो जाए। कई कर्मचारी डर के मारे रोने लगे। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही मॉल में काफी तोड़फोड़ हो चुकी थी। दुकानों और इंटीरियर को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे अनुमानित तौर पर 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रबंधन का कहना है कि आर्थिक नुकसान से ज्यादा भय का माहौल बन गया था, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका थी।
CCTV में कैद हुई घटना, दर्ज हुआ केस
घटना का पूरा दृश्य मॉल में लगे CCTV कैमरों में कैद हुआ है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कुछ लोग हाथों में डंडे लेकर मॉल के भीतर घुसते हैं और तोड़फोड़ करते हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर 30 से 40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 190, 191(2), 324(2) और 331(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ब्लिंकिट के ऑफिस में भी हुई मारपीट
मैग्नेटो मॉल की घटना से पहले बंद के दौरान रायपुर में Blinkit के ऑफिस में भी हंगामे की खबर सामने आई थी। आरोप है कि बजरंग दल के कार्यकर्ता ऑफिस में घुस गए और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। एक कर्मचारी को लाठी से पीटते हुए एक कार्यकर्ता CCTV कैमरे में कैद हो गया। इस घटना ने शहर में दहशत का माहौल और बढ़ा दिया।
अंबुजा मॉल कराया गया खाली
मैग्नेटो मॉल में हुई तोड़फोड़ के बाद एहतियातन विधानसभा रोड स्थित अंबुजा मॉल को भी खाली कराया गया। पुलिस की मौजूदगी में मॉल के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया और शाम के समय आने वाले ग्राहकों को वापस लौटा दिया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मॉल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई और डंडों के साथ अतिरिक्त सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए गए।
जांच जारी, कानून-व्यवस्था पर सवाल
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने शहर की कानून–व्यवस्था और बंद के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हिंसा और धर्म–जाति के नाम पर पूछताछ ने आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच में क्या सामने आता है और प्रशासन इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आगे क्या कदम उठाता है।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







