
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। सेदम गांव के एक किसान को गड़ा सोना निकालने और करोड़ों की दौलत मिलने का झांसा देकर कथित तांत्रिक ने 13 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात ठग लिए। आरोपी ने किसान परिवार को रायपुर बुलाकर रकम ली और फिर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सेदम निवासी किसान महेंद्र सिंह पैकरा (37) ने बतौली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर की सुबह एक व्यक्ति सूरज तिवारी उनके घर पहुंचा, जिसने खुद को नासिक का रहने वाला साधु बताया। आरोपी ने बातचीत के दौरान दावा किया कि महेंद्र सिंह के घर के भीतर जमीन में सोना दबा हुआ है और विशेष तंत्र-मंत्र के जरिए उसे बाहर निकाला जा सकता है। इसी दौरान उसने यह भी कहा कि महेंद्र की बेटी पर किसी ने जादू-टोना कर दिया है, जिसके कारण परिवार की परेशानियां बढ़ रही हैं।
किसान परिवार पहले से ही आर्थिक और पारिवारिक चिंताओं से जूझ रहा था, ऐसे में आरोपी की बातों में आ गया। कथित तांत्रिक ने घर के आंगन में एक गड्ढा खुदवाया और उसमें पांच नारियल गड़वा दिए। उसने परिवार से कहा कि सुबह और शाम नियमित रूप से उस स्थान पर दिया जलाना होगा, तभी तंत्र क्रिया सफल होगी। साथ ही यह भी शर्त रखी कि जब तक 13 लाख रुपये इकट्ठा नहीं हो जाते, तब तक अगली प्रक्रिया नहीं की जा सकती।
किसान महेंद्र सिंह पैकरा ने बताया कि काफी मेहनत और उधार लेकर उन्होंने किसी तरह 13 लाख रुपये की व्यवस्था की। जब रकम पूरी हो गई, तो उन्होंने सूरज तिवारी को फोन किया। आरोपी ने उन्हें पैसे लेकर रायपुर आने के लिए कहा। अक्टूबर महीने में महेंद्र सिंह अपनी पत्नी के साथ रायपुर पहुंचे, जहां बस स्टैंड पर सूरज तिवारी ने उनसे मुलाकात की।
पीड़ित के अनुसार, रायपुर में आरोपी ने उनसे पूरे 13 लाख रुपये नकद ले लिए और बदले में एक दवा का डब्बा थमा दिया। इसके साथ ही उसने महेंद्र की पत्नी से सोने की कान की बाली और तीन चांदी की पायल भी ले लीं। आरोपी ने दावा किया कि यह दवा गड्ढे में डालने के बाद कुछ ही दिनों में जमीन के भीतर दबे सोने-चांदी से भरे मटके बाहर निकल आएंगे, जिनकी कुल कीमत करीब 11 करोड़ रुपये होगी। उसने यह भी कहा कि वह दिल्ली से खरीदार लाएगा, जो सारा सोना मौके पर ही खरीद लेगा।
आरोपी ने किसान दंपती का मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया और जल्द लौटने का भरोसा दिलाकर उन्हें वापस गांव भेज दिया। महेंद्र और उनकी पत्नी सेदम लौट आए और तांत्रिक के बताए अनुसार दवा गड्ढे में डाल दी। इसके बाद वे कई दिनों तक इंतजार करते रहे, लेकिन सूरज तिवारी वापस नहीं आया।
करीब ढाई महीने गुजर जाने के बाद भी जब तांत्रिक का कोई पता नहीं चला और उसका मोबाइल नंबर भी बंद आने लगा, तो परिवार को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने गड्ढा खोदकर देखा, लेकिन वहां सिर्फ नारियल दबे हुए मिले। सोना या चांदी का कोई नामोनिशान नहीं था।
इसके बाद महेंद्र सिंह पैकरा ने बतौली थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और उसके मोबाइल नंबर तथा संभावित ठिकानों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी का है। लोगों को ऐसे दावों से सावधान रहने की जरूरत है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि गड़ा धन, तंत्र-मंत्र या झाड़-फूंक के नाम पर कोई भी व्यक्ति अगर लालच देता है, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसी ठगी को रोका जा सके।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







