कर्ज बढ़ा तो यूट्यूब से सीखा नकली नोट छापना: रायपुर का दंपती दुर्ग के साप्ताहिक बाजारों में खपाता था जाली नोट, रंगे हाथ गिरफ्तार

SHARE:

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नकली नोट चलाने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कर्ज के बोझ से दबे रायपुर के पति-पत्नी ने यूट्यूब से नकली नोट छापने का तरीका सीखा और साप्ताहिक बाजारों में छोटे व्यापारियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रानीतराई साप्ताहिक बाजार से रंगे हाथ पकड़ लिया है। आरोपियों के कब्जे और घर से कुल 1 लाख 70 हजार 500 रुपए के नकली नोट, कलर फोटो कॉपी मशीन और कागज बरामद किए गए हैं।

यह पूरा मामला रानीतराई थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी 500, 200 और 100 रुपए के नकली नोट छापकर सब्जी मंडियों और ठेलों पर सामान खरीदते थे, ताकि किसी को शक न हो। नोटों को पुराना दिखाने के लिए वे उन पर मिट्टी भी लगा देते थे, जिससे नोट चलन में रहे असली नोट जैसे लगें।

बाजार में मचा हड़कंप, व्यापारियों ने की शिकायत

दुर्ग जिले के रानीतराई साप्ताहिक बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कई व्यापारियों को नोटों की प्रिंट क्वालिटी और छूने पर अलग एहसास होने लगा। इसके बाद व्यापारियों ने आपस में चर्चा की और नकली नोट चलने की आशंका जताई। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

ग्राम सिलपट, धमतरी निवासी सब्जी विक्रेता तुलेश्वर सोनकर ने शिकायत में बताया कि शाम करीब 5.30 बजे एक पुरुष और महिला ने उससे 60 रुपए की मटर और मिर्च खरीदी और बदले में 500 रुपए का नोट दिया। उसने बाकी पैसे लौटा दिए और नोट गल्ले में रख लिया। कुछ देर बाद बाजार में नकली नोट की चर्चा होने लगी। जब उसने अपने गल्ले के नोट चेक किए तो 500 रुपए का नोट देखने और छूने में संदिग्ध लगा। नोट पर अंकित नंबर 9EP143736 भी शक के दायरे में आया।

कई व्यापारियों के पास मिले नकली नोट

एक व्यापारी के पास नकली नोट मिलने की जानकारी फैलते ही पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। व्यापारियों ने अपने-अपने पास रखे नोटों की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि रानीतराई बाजार में भावेश देवागंन, आदो राम, दीपक साहू, संतोष देवागंन, शीतल यादव, चंद्रिका बाई, रोहित सोनकर और भूपेंद्र पटेल सहित कई व्यापारियों के पास यही दंपती नकली नोट चला चुका था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सिर्फ रानीतराई ही नहीं, बल्कि पाटन साप्ताहिक बाजार में भी इसी तरह नकली नोट खपा चुके थे। वे जानबूझकर छोटे व्यापारियों, ठेले वालों और सब्जी विक्रेताओं को निशाना बना रहे थे, ताकि मामला जल्दी पकड़ में न आए।

बाजार से ही दबोचे गए आरोपी

29 दिसंबर 2025 को रानीतराई साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलने की शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सादे कपड़ों में निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर अरुण कुमार तुरंग (50) और उसकी पत्नी राखी तुरंग (40) को पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने नकली नोट छापने और चलाने की बात कबूल कर ली।

यूट्यूब से सीखा तरीका, ऑनलाइन मंगाई मशीन

दुर्ग के विजय अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों ने ऑनलाइन कलर फोटो कॉपी मशीन मंगाई थी। उसी मशीन से वे 500 रुपए के असली नोट की फोटो कॉपी कर नकली नोट छापते थे। नोटों को काटकर साप्ताहिक बाजारों में चलाया जाता था। रानीतराई बाजार में उस दिन उनके पास करीब 5200 रुपए के नकली नोट मौजूद थे।

आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि कर्ज बढ़ने के कारण उन्होंने यह रास्ता अपनाया। किसी को शक न हो, इसलिए वे नोटों पर हल्की मिट्टी लगाकर उन्हें पुराना और चलन में रहा हुआ दिखाने की कोशिश करते थे।

रायपुर स्थित घर से बड़ी बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के रायपुर जिले के सोनपैरी, मुजगहन स्थित घर की तलाशी ली। वहां से कलर फोटो कॉपी मशीन, बड़ी मात्रा में कागज और 1 लाख 65 हजार 300 रुपए के नकली नोट बरामद किए गए। रानीतराई बाजार से जब्त 5200 रुपए जोड़कर कुल 1 लाख 70 हजार 500 रुपए के नकली नोट पुलिस ने जब्त किए हैं।

आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नकली मुद्रा छापने और चलाने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस दंपती का किसी बड़े गिरोह से संपर्क तो नहीं था और क्या अन्य बाजारों में भी नकली नोट खपाए गए हैं। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि वे लेनदेन के दौरान नोटों की सावधानी से जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई