साले ने शराब पिलाकर जीजा की हत्या की: गला घोंटकर शव नाले की रेत में दफनाया, 4 गिरफ्तार

SHARE:

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 26 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में करीब छह महीने पहले हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की हत्या उसके साले और ममेरे भाई ने मिलकर साजिश के तहत की थी। आरोपियों ने पहले उसे शराब पीने के बहाने खेत में बुलाया और नशे की हालत में कथित तौर पर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को नाले के किनारे गड्ढा खोदकर रेत में दफना दिया गया।

इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की है। घटना मदनवाड़ा थाना क्षेत्र की है।

कोहका नाले के पास मिला था अज्ञात शव

मामला 5 मार्च 2026 का है। भैंसाराटोला निवासी संजय हथगिया ने मदनवाड़ा पुलिस को कोहका नाले के पास एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान कदम भुआर्य (36), निवासी राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने हत्या के पीछे के कारण और आरोपियों की तलाश शुरू की।

हैदराबाद तक पहुंची पुलिस की जांच

मामले की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह के निर्देशन और एसडीओपी विनोद मिंज के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता के साथ मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मुख्य संदिग्ध चंदन अंधारे की लोकेशन हैदराबाद में मिली। इसके बाद पुलिस टीम हैदराबाद पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान चंदन ने हत्या की पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया।

पत्नी से संबंध के शक को लेकर थी रंजिश

पुलिस के अनुसार, कदम भुआर्य को अपनी पत्नी परमेश्वरी के उसके ममेरे भाई चंदन अंधारे के साथ संबंध होने का शक था। इसी शक को लेकर वह पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस पारिवारिक विवाद को लेकर चंदन भी कदम से नाराज था। वहीं, मृतक की पत्नी का भाई चमन लाल देहरी भी अपनी मां और बहन के साथ कदम के कथित व्यवहार से नाराज था।

पुलिस के मुताबिक, इसी पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश के चलते चंदन और चमन लाल ने कदम की हत्या की साजिश रची। इस साजिश में हेमंत राणा और एक नाबालिग को भी कथित तौर पर शामिल किया गया।

शराब पिलाने के बहाने खेत में ले गए

पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी को आरोपियों ने कदम को सीतागांव बस स्टॉप के पास रोका। इसके बाद उसे शराब पीने के बहाने चंदन के घर के पास स्थित खेत में ले जाया गया।

पुलिस का कहना है कि खेत में सभी ने शराब पी। जब कदम नशे में हो गया, तब आरोपियों ने कथित तौर पर गमछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को वहां से उठाकर पास के कोहका नाले के किनारे ले जाया गया।

आरोपियों ने नाले के पास गड्ढा खोदा और शव को रेत में दबा दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक का मोबाइल फोन, पर्स और जूते भी नाले में फेंक दिए गए, ताकि हत्या से जुड़े सबूतों को छिपाया जा सके।

पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी चंदन अंधारे, चमन लाल देहरी और हेमंत राणा को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है। मामले में इस्तेमाल बाइक को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। करीब छह महीने पुराने इस मामले का खुलासा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर किया गया है।

THE CG NEWS
Author: THE CG NEWS

TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई