
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग के नाम पर एक शिक्षक से 1 करोड़ 54 लाख 90 हजार रुपए की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक के पूर्व छात्र ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उन्हें क्रिप्टो और USDT ट्रेडिंग में निवेश कर हर महीने 8 से 10 प्रतिशत तक तय मुनाफा देने का भरोसा दिलाया। शुरुआत में कुछ रकम का मुनाफा देकर आरोपियों ने शिक्षक का विश्वास जीता और बाद में अलग-अलग बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर कराई।
मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की भूमिका तथा पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है।
2020-21 में कोचिंग के दौरान हुई थी पहचान
शिकायतकर्ता पुष्कर जैन ने पुलिस को बताया कि वह कॉमर्स के शिक्षक हैं। वर्ष 2020-21 में कोचिंग के दौरान उनकी पहचान छात्र नेहल अग्रवाल से हुई थी। इसके बाद नेहल ने उन्हें ललित अग्रवाल उर्फ लक्की, विवेक अग्रवाल और अपने अन्य परिजनों से मिलवाया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि वे क्रिप्टोकरेंसी और USDT ट्रेडिंग का कारोबार करते हैं। उन्होंने इस कारोबार से हर महीने 25 से 30 प्रतिशत तक मुनाफा होने का दावा किया। शिक्षक को निवेश करने पर 8 से 10 प्रतिशत तक तय मुनाफा देने का भरोसा दिलाया गया।
बैंक और कर्ज की रकम भी निवेश की
पुष्कर जैन के अनुसार, उन्होंने 22 अगस्त 2024 से अलग-अलग तारीखों में आरोपियों के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करना शुरू किया। आरोप है कि उन्होंने अपनी जमा पूंजी के अलावा बैंक और अन्य स्रोतों से कर्ज लेकर भी निवेश किया।
शुरुआत में जब उन्हें कुछ मुनाफा मिला तो आरोपियों पर उनका भरोसा और बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने और रकम निवेश कर दी।
रकम वापस मांगने पर बनाने लगे बहाने
जब शिक्षक ने अपनी मूल रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने कथित तौर पर अलग-अलग बहाने बनाने शुरू कर दिए। कभी मुंबई से पैसा आने की बात कही गई तो कभी ट्रेडिंग आईडी ब्लॉक होने और रकम फंसने का हवाला दिया गया।
जनवरी 2025 में पुष्कर जैन अपनी रकम वापस मांगने के लिए आरोपियों के मोवा स्थित घर पहुंचे। शिकायत के अनुसार, वहां सीमा देवी अग्रवाल, संजय अग्रवाल, ललित अग्रवाल और विवेक अग्रवाल ने उन्हें दो महीने के भीतर पूरी रकम लौटाने का भरोसा दिया।
दोबारा 9.90 लाख रुपए निवेश कराए
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद नमित अग्रवाल उर्फ विक्की ने व्यक्तिगत गारंटी देकर शिक्षक से दोबारा निवेश करने के लिए कहा। इसके बाद 3 फरवरी 2026 को पुष्कर जैन ने सीमा देवी के खाते में 9.90 लाख रुपए और जमा किए।
आरोप है कि इसके दो दिन बाद, 5 फरवरी 2026 से सभी आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हो गए। इसके साथ ही वे रायपुर स्थित अपना मकान छोड़कर फरार हो गए।
कुल 1.54 करोड़ रुपए ट्रांसफर करने का आरोप
शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्होंने नेहल अग्रवाल, ललित अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, सीमा देवी अग्रवाल और अन्य संबंधित लोगों के बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 54 लाख 90 हजार रुपए ट्रांसफर किए।
शिक्षक ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें टेलीग्राम के एक ‘पंप एंड डंप’ ग्रुप में जोड़ा गया था, जहां क्रिप्टो ट्रेडिंग से संबंधित गतिविधियां बताई जाती थीं।
पुलिस कर रही जांच
शिकायत के आधार पर आजाद चौक पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की भूमिका, बैंक खातों में हुए लेन-देन और निवेश के नाम पर जमा कराई गई रकम की जांच कर रही है। पुलिस आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित दस्तावेजों और बैंक ट्रांजैक्शन की भी पड़ताल कर रही है।
नोट: यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
Author: THE CG NEWS
TheCGNews.in – छत्तीसगढ़ की सच्ची आवाज़ “TheCGNews.in” छत्तीसगढ़ का एक उभरता हुआ डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो प्रदेश की ज़मीन से जुड़ी, वास्तविक और निष्पक्ष खबरें लोगों तक पहुँचाने के मिशन के साथ कार्यरत है। इस पोर्टल की सबसे बड़ी ताकत है – स्थानीयता और विश्वसनीयता। TheCGNews.in का फोकस सिर्फ ब्रेकिंग न्यूज पर नहीं, बल्कि उन खबरों पर है जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं – गांव, कस्बों, पंचायत, युवाओं, शिक्षा, रोजगार, राजनीति, संस्कृति और जन-समस्याओं की सच्ची झलक यहाँ देखने को मिलती है। TheCGNews.in की खास बातें: • ✅ छत्तीसगढ़ की हर कोने से रिपोर्टिंग • ✅ सिर्फ सनसनी नहीं – समाधान की पत्रकारिता • ✅ युवाओं और किसानों की आवाज़ • ✅ भ्रष्टाचार, विकास और बदलाव की असली रिपोर्ट • ✅ हिंदी में सरल और स्पष्ट भाषा में खबरें







